Bhadas ब्लाग में पुराना कहा-सुना-लिखा कुछ खोजें.......................

16.7.09

अभी भी मुख्यमंत्री आवास पर डटे हैं विधायक खण्डूड़ी

राजेन्द्र जोशी
देहरादून। भुवनचन्द्र खण्डूड़ी अब उत्तराखण्ड राज्य के मुख्य मंत्री नहीं हैं अब उनकी हैसियत धूमाकोट विधानसभा क्षेत्र के विधायक को तौर पर है। विधायक होने के बावजूद वे अब तक मुख्यमंत्री के सरकारी आवास पर कब्जा जमाए बैठे हैं। ढाई वर्ष तक प्रदेश के लोगों को नैतिकता और अनुशासन का पाठ पढ़ाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री अब इस पाठ को असल जिन्दगी में उतारना खुद ही भूल बैठे हैं। राज्य में मुखिया बदले एक पखवाड़े से भी ज्यादा समय बीत चुका है और तब से अब तक पुराने मुखिया ने इस राजकीय बंगले को छोडऩे की नैतिकता नहीं दिखायी।
चर्चाओं के अनुसार प्रदेश का राज्य सम्पत्ति विभाग पूर्व मुख्यमंत्री को तीन-तीन बार मुख्यमंत्री आवास खाली करने के फरमान जारी कर चुका है और चर्चा तो यहां तक है कि उन्हे राजपुर रोड़ पर उनकी पसंदीदा स्थान पर किसी सरकारी बंगले को भी तलाशा जा चुका है। बावजूद इसके वे मुख्यमंत्री आवास का मोह छोड़ नहीं पा रहे हैं।
जबकि राज्य सम्पत्ति विभाग के ही अधिकारियों का दबी जुबान से यह भी कहना है कि वर्तमान मुख्यमंत्री को उनका पुराना मंत्री आवास व्यवस्था तथा उनकी लोकप्रियता को देखते हुए अब तंग पडऩे लगा है। इतना ही नहीं सुरक्षा की दृष्टि से भी यह आवास जहां मुख्यमंत्री के रिहायश केे लिए असुरक्षित बताया जा रहा है वहीं इस आवास पर प्रोटोकाल का पालन करने में भी सुरक्षाकर्मियों तथा अधिकारियों के सामने समस्या पैदा हो रही है। नये मुख्यमंत्री की लोकप्रियता के चलते प्रदेशभर से सैंकड़ों लोगों की आवाजाही होने के कारण भी व्यवस्था नहीं बन पा रही है। जिस कारण दूर अंचलों से आने वाले लोगों को मुख्यमंत्री आवास में तैनात सुरक्षाकर्मी बैठा भी नहीं पा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर प्रदेश के दूर -दराज के क्षेत्रों से आने वाले लोगों को मुख्यमंत्री आवास खोजने में खासी परेशानी हो रही है दरअसल उन्हे इस बात का पता ही नही चल पा रहा है कि नये मुख्यमंत्री अपने पुराने मंत्री आवास यमुना कालोनी से ही सरकार चला रहे हैं। यहीं कारण है कि दूर-दराज से आये लोग कभी मुख्यमंत्री आवास तो कभी यमुना कालोनी के बीच झूलने को मजबूर हैं।

1 comment:

चंद्रमौलेश्वर प्रसाद said...

अरे बंधु! आज ही तो ३६ नेताओं की लिस्ट आई है जो लुटियन्स की लुटिया डुबोने के लिए अपने आवास से चिपके बैठे हैं जिनमें जार्ज फ़र्नान्डिस, पास्वान, टैटलर जैसे नामी गिरामी नेता है!!!!!!