Bhadas ब्लाग में पुराना कहा-सुना-लिखा कुछ खोजें.......................

4.8.15

अब मातृ शक्ति भी निकली ‘घर-घर तुलसी - हर घर वृक्ष’ अभियान पर

प्रैस विज्ञप्ति
दिल्ली में अनेक स्थानों पर महिलाओं के साथ बच्चों ने भी की सहभागिता

नई दिल्ली। अगस्त 04, 2015।  घर-घर तुलसी - हर घर वृक्ष अभियान से अब दिल्ली की मातृ शक्ति भी जुड गई है। अभियान का शुभारम्भ करते हुए मातृ शक्ति की प्रान्त संयोजिका श्रीमती संध्या शर्मा ने आज बताया कि हमारा लक्ष्य है कि श्रावण के पवित्र माह में हम दिल्ली के हर घर में तुलसी और यथा संभव हर घर के बाहर एक पौधा लगाएंगे। विश्व हिन्दू परिषद की स्वर्ण जयंती वर्ष के अवसर पर देश व्यापी वृक्षारोपण अभियान के एक हिस्से के रूप में चल रहे इस पवित्र कार्य में हम दिल्ली की अधिकाधिक महिलाओं को जोडकर दिल्ली को आक्सीजन युक्त और प्रदूषण मुक्त बनाएँगे। रोज मंदिरों में तुलसी को जल और पूजन के बाद बहिनें घर-घर जा कर इस कार्य हेतु राजधानी-वासियों (विशेष कर महिलाओं) को प्रेरित करेंगी। उन्होंने दिल्ली की समस्त नारी शक्ति के साथ बच्चों से भी इस हेतु आगे आने की अपील की है जिससे घरों में चौबीसों घण्टे शुद्ध आक्सीजन की आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।



विस्तृत जानकारी देते हुए विहिप दिल्ली के प्रवक्ता श्री विनोद बंसल ने बताया कि विहिप की महिला शाखा मातृ शक्ति ने भी अब राजधानी को हरित क्षेत्र  बनाने का संकल्प लिया है। इस हेतु गत पंद्रह दिनों से दिल्ली भर में जगह-जगह पर्यावरण जागरण बैठकों का दौर चल रहा हैं जहां महिलाओं को इस अभियान से जोडने के लिए अभिप्रेरित किया जा रहा था। आज से मातृ शक्ति की हर जिला इकाई अपने-अपने क्षेत्रों में तुलसी वितरण और वृक्षारोपण का कार्य प्रारम्भ करेगी। उन्होंने आशा व्यक्त की कि श्रावण मास और तुलसी माता का गहरा सम्बन्ध होने के कारण भी विहिप का यह राष्ट्रव्यापी अभियान गति पकडेगा और दिल्ली की नारी शक्ति इसमें विशेष योगदान देगी। दुर्गा वाहिनी भी इस अभियान में जुट गई है। विहिप कार्यकर्ताओं द्वारा दिल्ली में अभी तक लगभग दो सौ से अधिक स्थानों पर वृक्षारोपण व तुलसी वितरण किया जा चुका है।

आज उत्तर-पूर्वी दिल्ली के मौज पुर स्थित विजय पार्क व यमुना विहार स्थित आर्य समाज मंदिर तथा उत्तरी दिल्ली के शालीमार गांव के शिव मंदिर से एक साथ इस अभियान का श्री गणेश किया गया। शालीमार बाग में 151 पौधे तथा अन्य तीनों स्थानों में 251 पौधों का वितरण  कर बडी संख्या में दिल्ली की महिला शक्ति को जुडने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर मातृ शक्ति की प्रान्त सह-संयोजिका श्रीमती नूतन जैन व श्रीमती सुनीता शुक्ला, दुर्गा वाहिनी की जिला संयोजिका श्रीमती नूपुर शर्मा व श्रीमती अनुराधा त्यागी,  विहिप दिल्ली के संरक्षक श्री अशोक कुमार, उपाध्यक्षा श्रीमती संजना चौधरी, श्री शिवदत्त व श्री जगन्नाथ बंसल सहित अनेक गणमान्य लोगों ने श्रावण मास, वृक्षारोपण व तुलसी वितरण के महत्व को प्रतिपादित करते हुए अपने-अपने विचार रखे। कार्यक्रमों में स्थानीय जन प्रतिनिधियों के अलावा बच्चों ने भी बडी संख्या में भाग लिया।

भवदीय
विनोद बंसल
प्रवक्ता,
विश्व हिंदू परिषद, दिल्ली।
मो 9810949109
twitter : vinod_bansal

No comments: