Bhadas ब्लाग में पुराना कहा-सुना-लिखा कुछ खोजें.......................

Showing posts with label उत्तर मार्क्सवाद. Show all posts
Showing posts with label उत्तर मार्क्सवाद. Show all posts

22.6.10

भूलों के आंगन के पार मार्क्सवाद

               एक जमाना था भारत में कहावत थी कि मास्को में सर्दी पड़ती है तो कॉमरेड को दिल्ली में जुकाम होता है। भारत में सोवियत संघ के गुणगान गाने वालों की समाजवाद के जमाने या सोवियत जमाने में कमी नहीं थी। जब से समाजवादी व्यवस्था गिरी और सोवियत संघ का विघटन हुआ ,तब से भारत और खासकर हिन्दी के सोवियत भक्तों का दूर-दूर तक पता नहीं है।
     विगत 20 सालों में मैंने किसी भी हिन्दी के सोवियत भक्त का सोवियतों ,सोवियत समाजवाद और सोवियत जनता के बारे में कुछ भी लिखा हुआ नहीं देखा है। बेरुखी का आलम यह है कि कम्युनिस्ट पार्टियों के प्रकाशनों में पुराने सोवियत की ताजा खबरें अब नजर नहीं आतीं।
      एक जमाना था भारत की कम्युनिस्ट पार्टियों के नेता अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सलाह लेने सोवियत संघ जाया करते थे। पार्टी कक्षाओं में बढ़-चढ़कर अपनी सोवियत भक्ति का प्रदर्शन किया करते थे। अब ये लोग किसी भी तरह अपनी सोवियत भक्ति का प्रदर्शन नहीं करते।
     ऐसा क्या हुआ है कि भू.पू.सोवियत संघ के बारे में प्रगतिशीलों ने दिलचस्पी ही लेनी बंद कर दी ? भू.पू.सोवियत में सब कुछ पुराना बाकी है। सिर्फ समाजवाद बदला है। देश का अनेक देशों में रूपान्तरण हुआ है। कम्युनिस्ट पार्टी हाशिए पर चली गयी है।
     किसी भी देश में समाजवाद रहे या पूंजीवाद रहे यह फैसला वहां की जनता करेगी। उस देश के राजनीतिक दल करेंगे। हमारे प्रगतिशीलों की सोवियतों में दिलचस्पी इस परिवर्तन के कारण कैसे खत्म हो सकती है ?
     सवाल उठता है कि सोवियतों के प्रति,सोवियत कम्युनिस्ट पार्टी के प्रति हमारे सोवियत भक्तों का प्रेम क्या समाजवाद के कारण था ? क्या हमारे सोवियत भक्तों का सोवियत जनता,सभ्यता,संस्कृति आदि से कोई प्रेम नहीं था ? यदि था तो जब सोवियत संघ इतने व्यापक परिवर्तनों से गुजर रहा था तो इस दौरान हिन्दी के प्रगतिशील लेखकों ने इन परिवर्तनों और विगत 20-25 साल में घट रही घटनाओं पर हिन्दी के पाठकों को जानकारी देने की कोई कोशिश क्यों नहीं की ? क्या भू.पू.सोवियत संघ से हिन्दी के प्रगतिशील लेखकों का सिर्फ मलाई खाने का संबंध था ? सोवियत संघ से मलाई मिलनी बंद हो गयी तो उन्होंने सोवियतों के बारे में बताना ही बंद कर दिया।
    आश्चर्य है कि भू.पू. सोवियत देश अभी भी मौजूद हैं। रूस आज भी दुनिया की महान शक्तियों में से एक है। महान रूसी जनता व्यवस्था परिवर्तन के चक्रव्यूह को भेदते हुए शानदार ढ़ंग से उन्नति के मार्ग पर आगे जा रही है।
     भूमंडलीकरण की पहली चोट सोवियत समाजवादी समूह के देशों पर हुई थी। सोवियत संघ की कम्युनिस्ट पार्टी अपने आंतरिक क्रिया-कलापों के कारण बिखर गयी। चूंकि पार्टी ने अपने विस्तार के क्रम में सारे सोवियत संघ की जनता को अपना बना लिया था ,अन्य कोई राजनीतिक दल वहां पर नहीं  था। पार्टी ही देश का पर्याय थी। फलतः जब पार्टी टूटी तो देश भी टूटा।
    सोवियत समाजवादी मॉडल की विशेषता थी पार्टी ,जनता और राष्ट्र का एकीकरण। इस एकीकरण की धुरी थी पार्टी । कमोबेश यही मॉडल सारी दुनिया में आदर्श के रूप में प्रचारित किया गया। चीन,यूगोस्लाविया,चैकोस्लोवाकिया,पोलैण्ड, हंगरी, पूर्वी जर्मनी, क्यूबा, कम्बोडिया,उत्तरी कोरिया आदि में यही मॉडल लागू किया गया।
      सोवियत संघ में समाजवाद के पराभव की जड़ में समाजवाद कम और समाजवादी सोवियत मॉडल ज्यादा जिम्मेदार था। पार्टी,जनता और देश के एकीकरण के खिलाफ प्रतिवाद के स्वर पोलैण्ड में पहले सुनाई दिए और कम्युनिस्ट पार्टी धराशायी हुई।
     पार्टी,जनता और राष्ट्र के एकीकरण पर टिका समाजवाद किस कदर ताकत अर्जित कर लेता है इसका शानदार प्रयोग पश्चिम बंगाल में माकपा ने करके दिखाया है और उसमें रूसी-चीनी मॉडल की विशेषताओ के साथ भारतीय विशेषता के रूप में लोकतंत्र को शामिल कर लिया है। पश्चिम बंगाल के समाजवादी मॉडल में लोकतंत्र निर्णायक नहीं है निर्णायक है पार्टी संगठन। पार्टी संगठन का तानाबाना टूटने के साथ ही सोवियत संघ में परिवर्तन आए और 11 स्वतंत्र देशों का उदय हुआ। पुराने सोवियत संघ का विघटन हुआ।
     सोवियत संघ का विघटन किसी साजिश का परिणाम नहीं था। बल्कि पार्टी,जनता और राष्ट्र के बीच में जो एकीकरण हुआ था उसकी त्रासद परिणति थी। किसी भी देश में पार्टी,जनता और राष्ट्र का एकीकरण इसी तरह के त्रासद मार्ग से गुजरेगा। पार्टी के नाम पर देश या प्रांत को बांधना अवैज्ञानिक है। आप जोर-जबर्दस्ती करके कुछ समय तक तो बांधे ऱख सकते हैं लेकिन अनंतकाल तक नहीं।
     राष्ट्र और जनता को दल विशेष या विचारधारा विशेष में बांधना और सबको एक ही दिशा में सोचने के लिए बाध्य करना अवैज्ञानिक है,तानाशाही है और सामाजिक वैविध्य का अस्वीकार है। समाजवाद के इस सोवियत मॉडल से साम्यवादियों ने ही प्रेरणा नहीं ली, बल्कि फासीवादियों और फंडामेंलिस्टों को भी यह मॉडल पसंद है। वे भी एक पार्टी और एक ही विचारधारा के खूंटे से देश विशेष की जनता को बांधना चाहते हैं। यह एक तरह से जनता को नपुंसक बनाने, गुलाम बनाने और उसके मानवाधिकारों को छीनने की कोशिश है। यह उदारतावादी विचारधाराओं का अस्वीकार है।
     सवाल यह है कि मार्क्सवाद का पूंजीवादी उदारतावाद के साथ किस रूप में संवाद बनता है ? राजनीतिक-सामाजिक-सांस्कृतिक और आर्थिक वैविध्य को स्वीकार करते हुए मार्क्सवाद का कैसे विकास किया जाए ? अन्य विचारधाराओं और गैर सर्वहारा वर्गों के प्रति सदभाव बनाए रखकर मार्क्सवाद को कैसे लागू किया जाए यही वह चुनौती है जिसे सोवियत मॉडल बनाने वाले समझने में असमर्थ रहे। उनकी .ही असमर्थता एक दिन उन्हें देश-विभाजन और समाजवाद के विसर्जन तक ले गयी।   
   
        

11.4.10

जनतंत्र में मार्क्सवाद और उत्तर-मार्क्सवाद



        आलोचना में जनतंत्र का अर्थ है खोज अथवा अनुपलब्ध अथवा अदृश्य सत्य को पाना। एकाधिक अर्थ की खोज करना। सत्य एक नहीं अनेक है, इस तत्व को रेखांकित करना। जनतंत्र को आलोचना में पाने का अर्थ है मार्क्सवाद या किसी भी विचारधारा विशेष के परे जाकर सोचना और देखना। इसका अर्थ यह नहीं है कि मार्क्सवाद के आधार पर हम जनतंत्र के बारे में सोच नहीं सकते,बल्कि सच यह है कि मार्क्सवाद में जनतंत्र का सैद्धान्तिक विमर्श तैयार ही नहीं हुआ। स्वयं मार्क्स-एंगेल्स ने भी कभी जनतंत्र के बारे में विस्तार से सोचा नहीं था, मानवाधिकारों के बारे में सोचा नहीं था। सारी दुनिया में मार्क्सवाद ने आलोचना में जनतंत्र का विकास इतिहास और परंपरा के साथ संवाद करते हुए किया है। मार्क्सवादी आलोचकों ने परंपरा से संवाद करते हुए कठमुल्ला अथवा प्राचीनतापंथी आलोचना की इस धारणा को चुनौती दी है कि परंपराएं 'टाइमलेस' होती हैं।

इधर तीस सालों से समाजवाद के खिलाफ वैचारिक अंधड़ चल रहा है,इसके कारण मार्क्सवादी आलोचना के प्रति संशय का भाव और अप्रासंगिकता की बातें तेज हो गई हैं। इस संदर्भ में सबसे प्रमुख तर्क क्या हैं ? मार्क्सवादी मानते रहे हैं समाजवाद इतिहास का एकीकरण है।

यह विचार अनेक लोगों को भयभीत करता रहा है।भयभीत लोगों के लिए सर्वसत्ताकरण (टोटलाइजेशन) और सर्वसत्तावाद (टोटेलिटेरिनिज्म) किसी चीज के लिए प्रयुक्त एक ही जैसे शब्द हैं,वे मार्क्सवाद को सर्वसत्तावादी कहकर कलंकित करते रहे हैं,जबकि सच यह है मार्क्सवाद सबको एकजुट करके रखने वाली और पूंजी संचय के रूपों को विकेन्द्रित करने वाली शक्ति है। आलोचना में मार्क्र्सवाद की बहस को हमें सिर्फ मार्क्सवाद तक सीमित नहीं रखना चाहिए,बल्कि उत्तर-मार्क्सवाद तक ले जाना चाहिए। उत्तर-मार्क्सवाद का अर्थ मार्क्सवाद का अस्वीकार नहीं है,बल्कि उत्तर-मार्क्सवाद तो मार्क्सवाद की समझ का नए परिदृश्य में सर्जनात्मक विकास है।

उत्तर- मार्क्सवाद का दूसरा आयाम यह है कि मार्क्सवाद के एकाधिक रूपों की स्वीकृति। जिस तरह लोकतंत्र बहुलतावादी है उसी तरह मार्क्सवाद भी एक नहीं है बल्कि सारी दुनिया में बहुलतावादी मार्क्सवाद है। इसमें विकास की ज्यादा संभावनाएं हैं। मार्क्सवाद में बहुलतावाद का आना मार्क्सवाद के लोचदार होने का प्रमाण है इसे मार्क्सवाद से विचलन न समझा जाए। मार्क्सवाद एक नहीं अनेक है। जिस तरह यथार्थ एक नहीं अनेक है।

लोकतंत्र के विकास ने एकायामिता के सभी रूपों को चौतरफा बदलने के लिए मजबूर किया। बहुलतावाद हमारी मार्क्सवाद संबंधी संकुचित धारणाओं से मुक्ति दिलाने में मदद करता है।जब आप मार्क्सवाद की निर्धारित परंपरा के प्रति सवाल खड़े करते हैं तो उत्तर-मार्क्सवाद की कोटि में स्वत: ही पहुँच जाते हैं। मसलन् इस परंपरा में 'ग्रीन मूवमेंट' के लोग आते हैं,ये वे लोग हैं जो मार्क्सवाद की 'प्रकृति के स्वामित्व' की को चुनौती देते हैं,इस परंपरा के निर्माताओं में रूडोल्फ बारो,आन्द्रे गुर्ज,क़ोहेन-बेनडिट आदि आते हैं। इन लोगों ने साठ के दशक से आंदोलन चलाया और लाल को हरा बनाया।

यही बात ब्रिटिश सांस्कृतिक स्टैडीज के लोगों के बारे में कही जा सकती है,इन्होंने परंपरागत मार्क्सवाद से आगे जाकर राज्य की अधिरचनाओं और उप-संस्कृतियों का अध्ययन किया,यही बात स्त्रीवादी और उत्तर-संरचनावादी सैद्धान्तिकी के बारे में कही जा सकती है। इन दोनों सैद्धान्तिकियों के जरिए मार्क्सवाद के अंदर निहित पूर्वाग्रहों खासकर पितृसत्ता और यूरो-केन्द्रिकता का विरोध किया गया। उत्तर -संरचनावाद के तहत अनेक किस्म का मार्क्सवादी लेखन सामने आया है, जिसके कारण आलोचना का जनतंत्र समृध्द हुआ है।

आलोचना में लोकतंत्र 'जानने' की प्रक्रिया में समृद्ध होता है,'जानने' के क्रम में ही मार्क्सवाद के बारे में भी सवाल उठाए गए और मार्क्सवाद को चुनौती दी गयी।यहां तक कि 'सैद्धान्तिकी' के प्रति भी सवाल उठे हैं। यह काम संरचनावाद और उत्तर-संरचनावाद ने किया। 'जानने' की धारणा के आधार पर ही उत्तर-संरचनावादियों ने 'इम्पीरिसिज्म' को चुनौती दी, इसके जरिए विज्ञान ,वस्तुगतता तटस्थता और साम्राज्यवादी शक्ति के अन्तस्संबंध की खोज की गई।

मार्क्सवादी विचारकों का मानना था दुनिया बदल सकती है किंतु मार्क्सवाद नहीं बदलेगा। यह मार्क्सवाद के प्रति गैर मार्क्सवादी नजरिया है। स्वयं मार्क्स का मानना था दुनिया में सब कुछ परिवर्तनीय है यदि कोई चीज अपरिवर्तनीय है तो वह है परिवर्तन का नियम। मार्क्सवाद में से परिवर्तन के नियम को निकालकर हमने मार्क्सवाद को अचल बना दिया,अपरिवर्तनीय बना दिया। मार्क्सवाद पर पिछले पचास सालों में जो हमले हुए हैं उनमें यह भी कहा गया मार्क्सवाद रिडक्शनिज्म है,फंक्शनलिज्म है,एशेंसियलिज्म है, यूनीवर्सलिज्म है। ये सारे वर्गीकरण सही नहीं हैं। मार्क्सवाद विज्ञान है और जीवन को बदलने का विज्ञान है।

यह कहना भी सही नहीं है कि मार्क्सवादी नजरिया सिर्फ मजदूर वर्ग या सिर्फ वर्गों का ही मूल्यांकन करता है, मार्क्सवाद का अर्थ वर्गवाद नहीं है।बल्कि वह तो इसका विलोम है। इसी तरह आर्थिक उत्पादन के रूपों का अध्ययन करना ही मार्क्सवाद नहीं है,बल्कि मार्क्सवाद (फंक्शनलिज्म) इसका भी विलोम है। मार्क्सवाद अंश पर समग्रता में ही विचार करता है।

मार्क्सवाद मजदूरवर्ग के बारे में पूंजीवाद के समग्र परिप्रेक्ष्य में विचार करता है,मजदूरवर्ग उस संरचना का हिस्सा है जिसमें वह काम करता है और जीता है, इसी तरह इस सैद्धान्तिकी में सार्वभौमत्व हो भी सकता है और नहीं भी हो सकता,मार्क्सवाद यदि सार्वभौम होता तो प्रत्येक देश में कई रूपों में मार्क्सवाद नहीं होता। जिस तरह मार्क्सवाद के विरोधी एक-जैसे नहीं हैं,उसी तरह मार्क्सवाद भी एक जैसा नहीं है,उसमें सार्वभौम जैसा कोई तत्व नहीं है,जो चीज सार्वभौम है वह है दुनिया को बदलने का नजरिया। सभी रंगत के मार्क्सवादी यही चाहते हैं कि पूंजीवादी दुनिया से मुक्ति मिलनी चाहिए।

मार्क्सवाद विरोधियों के बारे में हमें यह तथ्य सब समय ध्यान रखना चाहिए कि इनमें अधिकांश ऐसे हैं जो मार्क्सवाद की परंपरा से एकदम अनभिज्ञ हैं।वे माक्र्सवाद का सरलीकरण करते हैं ,योजनाबद्ध बनाते हैं और फिर उसका विरोध करते हैं। माक्र्सवाद की केन्द्रीय विशेषता है कि वह वर्ग सचेतनता पर जोर देता है। जब वे वर्गसचेतनता पर जोर दे रहे होते हैं तो स्वाभाविक रूप से वर्ग से जोड़ रहे होते हैं। मार्क्सवाद का दूसरा महत्वपूर्ण आयाम यह है कि इसका बार-बार नए सिरे से मूल्यांकन करने की जरूरत होती है,मार्क्सवाद स्थिर या जड़ विचारधारा नहीं है। इसका बदली हुई परिस्थितियों में पुनर्मूल्यांकन किया जाना जरूरी है,इसके कारण ही मार्क्सवाद अपने को समृद्ध करता है,ज्यादा यथार्थपरक बनाता है,जनतंत्र के ज्यादा करीब आता है। स्थिर मार्क्सवाद स्वभावत: जनतंत्र को स्वीकार नहीं करता,उसके लिए किताबें वेदवाक्य हैं,नेता या पार्टी के बयान अंतिम सत्य हैं, मार्क्सवाद के प्रति इस तरह का सोच न तो वैज्ञानिक है और न जनतांत्रिक है।

आलोचना में जनतंत्र के विकास के लिए जरूरी है असहमति, सामंजस्य और सह-अस्तित्व। इन तीनों के बिना आलोचना में जनतंत्र का वातावरण नहीं बनता। जिस समाज में असहमति का सम्मान और संरक्षण नहीं होता ,वह समाज बिखर जाता है। कई समाजवादी देशों में मार्क्सवाद के जो प्रयोग बिखर गए उनका प्रधान कारण है इन तीनों चीजों का अभाव । जिस तरह बुर्जुआ समाज में जनतंत्र जरूरी है,असहमति जरूरी है और सह-अस्तित्व जरूरी है। उसी तरह यह भी ध्यान रहे मार्क्सवाद मुकम्मल ज्ञान नहीं है, ऐसा ज्ञान नहीं है जिसके बारे में दुबारा सोचा न जाए। इसके विपरीत मार्क्सवाद विकासशील ज्ञान-विज्ञान है,विभिन्न देशों में अलग-अलग रूपों में इसकी व्याख्या हो रही है और अलग-अलग ढ़ंग से इसे लागू किया जा रहा है।











































;च्समेंम पिसस नच ेमचंतंजम









form for each post)