Bhadas ब्लाग में पुराना कहा-सुना-लिखा कुछ खोजें.......................

Showing posts with label prichy. Show all posts
Showing posts with label prichy. Show all posts

10.4.08

तुषार धवल की चार कविताएं

1. बहनें

आंगन में बंधे खम्भे से

लट सी उलझ जाती हैं

बहनें

और

दर्द की एक सदी

खुली छत की गर्म हवा में

कबूतर बन उड़ जाती है।



वे बाप की छप्पन साल पुरानी कमीज हैं

वे मां के बचपन की यादें हैं

जो

उठती हैं हर शाम

चूल्हे के धुएं संग

और

उड़तीं हैं पतंग बन।



वे चुनती हैं

प्याली भर चावल

कि

जिन्दगी को बनाया जा सके

अधिक से अधिक

साफ और सफेद।



वे बनती हैं

आंगन से गली

और

गली से मैदान

जहां

रात की चादर में

बुलबुले सी फूटती है भोर

और

देखते ही देखते

धरती की मां बन जाती हैं

बहनेें।


--------------------------------------------------------------------------------



2. नींद में बारिश

नींद में

सबके सो जाने पर

होती है बारिश

अकेले ही भीगते हैं

नदी नाव और टापू

रात की खोह में

दलदल है

इत्र का

बारिश के झिरमिर सन्नाटे में

जो एकदम से महक उठता है

शिरीष खिलता है

उनींदी बारिशों में

भीग कर आयी हवाएं

घुस आती हैं

कोरे लिहाफ के भीतर

चौंक कर ताकता है

गरदन उठाये

एक बगूला

किसी गली से झांकता है चोर



इच्छाएं

पैदा करके मुझे

मेरा ही

शिकार करती हैं।



गाथाएं अन्तर्दहन की

चुपचाप भीगती हैं

गीले गीले ही

जल रहे हैं पत्ते



भीगी हुई

रात के पिछवाड़े में

जले पत्ते

आग की कहानी कहते हैं


--------------------------------------------------------------------------------



3. मैं नदी तुम नदी

हर बार

जब भी डूबा

नदी नयी मिली

गर्म शिलाओं की पीठ पर

लेट कर

दिन गुजर गये।



धोते रहे

इस घाट पर

पुराने दाग

बहा ले गयी अपने साथ

नदी सब कुछ ᄉ

थमा नहीं कभी भी

कुछ भी।

उल्लास का सार

बहते रहने में था।



किनारे वही थे

द्वीप भी

भोगे हुए

वही थे

पर नदी से परिचय

हर बार अलग था।



काटे हुए पल

नयी फसल से उगते रहे

कसमसाती देह में

धीमी आंच पर

अटका हुआ

उन्हें पुकारता रहा मन

और

पीढ़ियां गुजर गयीं।

थमा नहीं कुछ भी

किसी के लिये

रिश्ते अपने किनारों से

लहरों ने

बहते हुए ही निभाये।



तुम्हारी आंखों में कई बार

नदी मिली थी

अनजान

इन पत्थरों पर

बैठ कर

गिनता रहा

लहरों को

उनमें उतरते सितारों को

बीतने की निर्धारित गति की पहचान

और उनका समवेत स्वीकार

मुझमें नदी भरता रहा

इस

नदी हुई देह को

भर रहा हूं तुममें

गर्म शिलाओं पर लेटी हुई

तुम

नयी हो रही हो।



मुझे भर कर

हर बार

तुम भी नदी हो जाती हो।


--------------------------------------------------------------------------------



4. छूटती चीजों के बीच

छोड़ दिया तुमने भी

जैसे कि

सब चीज छूट रही है

नहीं थी पहले भी

अब तो और भी नहीं है

इस लौटती धार में

रेत के कुछ ढूह

ढह कर भी ठहर गये हैं

पैरों के बीच फंसा

एक घोंघा

घास का एक तिनका

और

उन सबको टटोलता मन

अब भी वहीं कहीं भटक रहा है

बाजार की थिरकती रोशनी के

बीच

एक पता पूछता

छोड़ दिया तुमने

और

अब समझने लगा हूं

अन्त भी भ्रम ही है ᄉ

एक आखिरी अंगड़ाई का इन्तजार

जो फिर नहीं आती

और अब नही आयेगा वो सब

जो तुमसे उगा था

सोचता हूं

ई-मेल के खोखले शब्दों मे कौन सा रस भरूं

किस लिबास मे पेश करूं

वह सब

जो अब नहीं है --

जो था ही नहीं

और जिसके पीछे का

एक खुला आकाश और भी सुन्दर हो चला है

देर दोपहर तक

थकी उबासी के बीच

कई बार दरवाजे पर

वही परछाईं मुस्कुराती दीखी

वही आंखें बोलती रहीं

मैं देखता रहा

सुनता रहा समय के शब्द

जब

तुम नहीं हो

तुम्हें हर कहीं सुन सकता हूं

उस खुलते आकाश में

देखता हूं

तुम पतंग सी दीखती हो

चटकीले पीले रंग की

और पीछे

हल्का नीला आकाश

खिलखिला रहा है।

Tushar dhaval mumbai me rahte hain. afsri krte hain. kvita to jahir hai likhte hi hain. mujhse lgta hai bahut dinon se naraj hain, inka fon bahut dino se aaya nhi hai, message ka jvab nhi dete hain...vaise yarbas aadmi hain...inke sath cnaught place me volga me daroo pine ki yaden hain...abhi bs itna hi...bhadasi bhaee khojen mera yh dost kahan hai aur mujhse naraj kahe hai. shayd fon no. yhi hai- 09930315966
(tushar ki ye kvitaen yhan TADBAV se sabhar di ja rhi hain)
http://www.tadbhav.com/issue%2015/Charkabitai%20tusar.htm#chartusar

9.4.08

विशाल श्रीवास्तव की कविताएँ

1. प्रकाश

हमें चाहिए धूप
कि हम पढ़ सकें जीर्ण पन्नों को
सुधार सकें नये लिखे के हिज्जे

हमने बोई है आसमानी खेत पर
उजाले की कुँवारी हरी दूब
हमारा रक्त पहले से है वातावरण में
देखा है हमने आकाश के आईने में
अपने पीले चेहरों का अक्स
हम पोंछते हैं नारंगी सूरज पर जमी गर्द
इस तरह हमने आकाश को दिया है
हर ज़रूरी सामान
कि वह बना सके उजाला

हम एक पुराने लोहे जैसे
काले दिन के नागरिक हैं
हमें थोड़ा प्रकाश चाहिए


2. मुन्नू मिसिर का आलाप

बहुत पक्का गला है मुन्नू मिसिर का
अद्भुत गाते हैं मुन्नू मिसिर
फिर भी भव्य सभाओं में नहीं जाते मुन्नू मिसिर
कहीं किसी किताब में नहीं छपा है उनका नाम
उनके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं


अयोध्या के नयेघाट पर गली जैसा कुछ
गली जैसे कुछ में मोड़ जैसा कुछ
मोड़ जैसे कुछ पर पीपल एक पुराना
वहीं कुछ कुछ घर जैसा
और भीतर झुलनी खटिया पर मुन्नू मिसिर


छोटी कोठरी में फैला मुन्नू मिसिर का अथाह एकान्त
बातें करता रहता उनके तरल अंधेरे से
जब बहुत कम कुछ याद रहता है मुन्नू मिसिर को
जैसे वे भूल जाते हैं कि वे शाकद्वीपीय हैं या सरयूपारीण
या फिर कितने साल हुए उन्हें रिटायर हुए


तब उनसे ज्यादा दु:ख सामनेवाले को होता है
कभी-कभी याद आ जाता है उन्हें कोई विचलित राग
कोठरी के अंधेरे में तब टिमटिमाता है
उनके बुजुर्ग गले का सुर
चारपाई का सरकता ढीला निवाड़
डगमगाता है एक प्राचीन हारमोनियम
सीली कोठरी में सन्न-सन्न हवा दु्रत
सांवली बिटिया बारती है एक अरूणाभ ढिबरी
रौशनी को परनाम कर आलाप लेते हैं मुन्नू मिसिर
साधते हैं एकसाथ सुर और अपनी चिरन्तन खांसी को
शहर के उदास पीलेपन को मुग्ध करता है
उनका खरखराता सधा गला
गाना धीमे से शामिल होता है दुनिया में
दुनिया से अचानक थोड़ा दूर जाते हैं मुन्नू मिसिर
वे अपने दुखों से दूर जाते हैं इस तरह


अपने सुरों की नाव पर चढ़ वे घूम आते हैं नदी पार
कभी उनके साथ होते हवा में शामिल
तैरते रहते तमाम प्रतिबन्धित जगहों के ऊपर
कभी दुबक जाते किसी जीर्ण प्राचीन खिड़की पर
कान लगाकर सुनते उसकी जर्जर कुण्डी का संगीत
फिर वे जाते टेढ़ीबाज़ार अपने सुरों के साथ समोसा खाने
कहकहे लगाते उनके कन्धों पर रखकर हाथ
थककर लौटते अंतत: अपनी उसी संकरी गली में
विलम्बित आलाप में याद करते जीवन का अवरोह
नष्ट छन्द नष्ट गद्य नष्ट संगीत
जीवन एक बहदहवास भौंरे की चीख जितना शोर
जीवन डूबती झलमल झपल रौशनी


अचानक खांस पड़ते हैं मुन्नू मिसिर
हारमोनियम के कोने से छिल जाती है कुहनी
एक ताज़ा दर्द सम्मिलित होता है
मुन्नू मिसिर के आलाप में



3. वो आई


वो आई
उसके आने ने जैसे
रात के आसमान में फेंका कंकड़
खिड़की के आकाश में
पहले चाँद थरथराया
फिर जल काँपा आसमान का
फिर एक एक करके झिलमिलाये तारे
सबने कहा देखो वो आई
उसके आने से जागा मेरे कमरे का ऍंधेरा
उसकी तांबई रंगत से खुश हुआ दरवाजा
खुश हुए मेरे गन्दे कपड़े और जुराबें
खिल उठीं बेतरतीब किताबें
सब खुसफुसाये ... वो आई
वो आई मेरे मनपसन्द पीले कपड़ों में
जिनके हरेक तन्तु की गन्ध मुझे परिचित
मैंने जैसे कपड़ों से कहा - बैठो
कपड़े बैठे ... वो बैठी
जैसा कि उसकी आदत है, उसने कहा
कि मन नहीं लगता मेरे बिना उसका
जीना असम्भव है
उसने कहा ... मैंने सुना
फिर
मैंने कहा - बीत गया है अब सब कुछ
मैंने कहा ... उसने सुना
उसने कहा - बीतना भूलना नहीं होता
दर्द को सम्मिलित करना होता है जीवन में
मैंने कहा दर्द .. हाँ दर्द कहाँ बीतता है
सिर्फ हम बीतते हैं थोड़ा-थोड़ा समय के साथ
वह थोड़ा और उदास हुई
गीली हो गईं उसकी ऑंखें
आखिर वह उठी
मैंने उठते हुए देखा पीले कपड़ों को
मैंने देखा पीले कपड़ों को जाते हुए
काँपना बन्द हुआ आसमान का
सो गया फिर से कमरे का ऍंधेरा
दुखी हुए कपड़े और जुराबें
दुखी हुआ दरवाजा
इस बार
सब जैसे चीखकर बोले
वो गई .... वो गई .... वो गई
मैंने सिगरेट सुलगाई
और आहिस्ते से कहा
जाने दो


4. मित्र

मित्र थे
जो चुनते थे
शर्ट की आस्तीन से अदृश्य भुनगे
कन्धे से साफ़ करते थे धूल
ख्याल से भरकर छूते थे माथा
ध्यान रखते थे मित्र

झूठ बोलकर बचाते थे मित्र
क्रूर शिक्षक और क्रुध्द पिता से

मित्र थे
जिन्होंने सिखाया प्रेम करना
जो हमें चौराहों पर मिलते थे
जिनसे गलबहियाँ कर घूरते थे हम
शहर की सुन्दर लड़कियों का दुपट्टा
और अकसर पीछा करते थे
गुलाबी हुड वाले रिक्शों का

मित्र थे
जो हमें दूर ले गये वर्जनाओं से
जिनके साथ सीखा सिगरेट पीने का हुनर
जिनके साथ हाइवे ढाबों पर छुपकर शराब पी
देखीं उनके साथ तमाम मसाला फिल्में
बहुत मौज की जिनके साथ हमने

मित्र थे
जिन्होंने सिखाया क्रोध करना
जिनके लिए हम दूसरों से लड़े और वे हमारे लिए
मित्रों ने छीनी भी प्रेमिकाएँ
तब जी भर कर गरियाया हमने उन्हें
बदले में हुआ बेशुमार गालियों का विनिमय
अद्भुत विरेचक थे हमारे मित्र

हमारी ज़रूरत थे मित्र
बहन की शादी कैसे होती उनके बिना
कैसे होता दादी का अन्तिम संस्कार
माँ की बीमारी में साथ दिया उन्होंने
पहली नौकरी पर स्टेशन छोड़ने गए मित्र

हमारा जीवन थे मित्र
जब गले से लगते थे
तो जीवन मित्रता से पोसा हुआ लगता था

अब दूर हैं मित्र
मिलते हैं इंटरनेट के चैटरूमों में
या फोन पर बाँटते हैं दुख दर्द
पर ऐसे उनके गले नहीं लगा जा सकता
नहीं जमाया जा सकता है धौल
उनकी पीठ पर

इस तरह मित्रता अब भी
बची हुई है हमारे जीवन में
पर जीवनाधार वो
मादक यारबाशियाँ नहीं हैं

--------------

विशाल श्रीवास्तव : फैजाबाद में 1978 में जन्म। हिन्दी में पी-एच.डी. और पत्रकारिता तथा जनसंचार में परास्नातक उपाधि के बाद फिलहाल राजकीय महाविद्यालय में प्राध्यापक।
कविताओं के लिए लिए 2005 में 'अंकुर मिश्र स्मृति पुरस्कार'। संग्रह "पीली रोशनी से भरा कागज" शीघ्र प्रकाश्य। आजकल कविता के साथ-साथ ब्लांगिंग भी।
विशाल का मोबाइल नंबर - 09415468684

8.4.08

शिरीष कुमार मौर्य की कविताएँ

1. स्वप्न

मेरे जीवन में उतनी नींद नहीं
जितने स्वप्न हैं

बेशुमार हैं वे
और अंट नहीं पाते मेरी रातों में
शायद यही कारण है
कि मुझे मारनी पड़ जाती है दिन में भी
एकाध झपकी

मेरे हिस्से के एक छोटे-से संसार में
वे ज्यादातर अतीत से आते हैं सम्मोहित करते
और भटकते हुए
कुछ आत्मीय लोगों
और जानी-पहचानी जगहों के साथ

इस तरह
किसी और काल में घटित होते हुए
देखना उन्हें
निश्चित ही सपने से ज्यादा
कुछ है

बहरहाल ऐसे ही वे आते हैं
या मैं जाता हूँ
उन तक
कभी-कभी तो
नींद के बाद की एक जागती हुई नींद में भी

कितनी बचकानी वास्तविकता है यह
कि मैं स्वप्न देखता हूँ वैसे
जैसे
खतने के समय
चाकू चलाने से ठीक पहले
बच्चों को दिखाया जाता है
हंस का पंख


2.एक पुरातन आखेट-कथा


तुम्हारे नीचे पूरी धरती बिछी थी
जिसे तुमने रौंदा
वह सिर्फ़ स्त्री नहीं थी
एक समूचा संसार था फूलों और तितलियों से भरा ]
रिश्तों और संभावनाओं से सजा

जो घुट गयी तुम्हारे हाथों तले
सिर्फ़ एक चीख़ नहीं थी
आर्तनाद था
समूची सृष्टि का

हर बार जो उघड़ा परत दर परत
सिर्फ शरीर नहीं था
इतिहास था
शरीर मात्र का

जिसे तुमने छोड़ा
जाते हुए वापस अपने अभियान से
ज़मीन पर
घास के खुले हुए गट्ठर -सा
उसकी जु़बान पर तुम्हारे थूक का नहीं
उससे उफनती घृणा का स्वाद था

वही स्वाद है
अब मेरी भी ज़ुबान पर !

3.उसका सपना

सारा दिन काम में खटने के बाद
इस घिरती रात में
प्रेम से बहुत पहले ही कहीं
नींद खड़ी हैं
उसकी आंखों में

कुछ अर्द्धपरिचित सपने हैं
वहाँ
अपने होने की हर सम्भावना को पुख्ता करते हुए
उसके सो जाने के इन्तज़ार में

और उन सपनों की भीड़ में हो न हो
वह ज़रूर मैं ही हूँ -
एक भारी और सांवला बादल
छलाछल जल से भरा
बरस न पाने की मजबूरी में भटकता हुआ
धरती के ऊपर
यूं ही निठल्ला-सा

सपने में इतना कुछ देखा - ईजा-बाबू
भाई-बहन
बरसों की बिछुड़ी सखियाँ
कई सारे नगर-क़स्बे-बस्तियां

दिल्ली
लखनऊ
इलाहाबाद
रामनगर
पिपरिया
नैनीताल

अब सुबह जागते ही पूछेगी
यह बात -
कहाँ थे तुम ?
खड़ी हुई मल्लीताल रिक्शा स्टैंड पर अकेली घबराई-सी
खोजती तुम्हीं को तो
जाग पड़ी थी मैं अकबकाकर
तीन बजे रात !

शिरीष कुमार मौर्य, उम्र: 34 , लिंग: माले , उद्योग: कला
स्थान: नैनीताल : उत्तराखंड : भारत
हिंदी का कवि-अनुवादक और लगे हाथ अध्यापक भी......
नया पता - शिरीष कुमार मौर्य
हिन्दी - विभाग
डी.एस.बी परिसर महाविद्यालय
नैनीताल - २६३ ००२
फोन - 9412963674

sabhar:http://www.anunaad.blogspot.com/

3.4.08

तुम्हारी कविता / आभा बोधिसत्त्व

तुम्हारी कविता से जानती हूँ

तुम्हारे बारे में

तुम सोचते क्या हो ,

कैसा बदलाव चाहते हो

किस बात से होते हो आहत;

किस बात से खुश


तुम्हारा कोई बायोडटा नहीं मेरे पास

फिर भी जानती हूँ मैं

तुम्हें तुम्हारी कविताओं से


क्या यह बडी़ बात नही कि

नहीं जानती तुम्हारा देश ,

तुम्हारी भाषा तुम्हारे लोग

मैं कुछ भी नहीं जानती ,

फिर भी कितना कुछ जानती हूँ

तुम्हारे बारे में


तुम्हारे घर के पास एक

जगल है

उस में एक झाड़ी

है अजीब

जिस में लगता है

एक चाँद-फल रोज

जिसके नीचे रोती है

विधवाएँ रात भर

दिन भर माँजती है

घरों के बर्तन

बुहारती हैं आकाश मार्ग

कि कब आएगा तारन हार

ऐसे ही चल रहा है

उस जंगल में


बताती है तुम्हारी कविता

कि सपनों को जोड़ कर बुनते हो एक तारा

और उसे समुद्र में डुबो देते हो।

(aabha bodhistv prashidh kvi bodhistv ki jivn-sngini hain. kavita me aajkal kafi sakriy hain)