Bhadas ब्लाग में पुराना कहा-सुना-लिखा कुछ खोजें.......................

Showing posts with label कविताएँ. Show all posts
Showing posts with label कविताएँ. Show all posts

8.9.08

आज की पत्रकारिता

आज की पत्रकारिता
शनिवार की रात
अन्तिम, संचिका
प्रेषित करने के बाद
कार्यालय प्रभारी और मैं
दफ्तर में बैठा ,गप्पे लरा रहा था ।
कैसी है आज की पत्रकारिता ?
तभी श्रीमान के चल भाष में
कम्पन हुआ ,
नमस्कार ,अभिवादन के पश्चात्
दूसरी और से ,एक कर्कश आवाज ने पूछा
माओवादियो की ख़बर कैसे छुट गई ?
कंपकपाते स्वर ने उत्तर दिया ,
जी दरसल देर रात घटना की पुष्टि हुई
कल पहली संचिका में ,एक धासू ख़बर भेजिए
इस कठोर निर्देश के साथ ,वार्ता समाप्त हुई
पसीना पोछते श्रीमान से मैंने कहा ,
अब आप क्या लिखेंगे ,मूल ख़बर तो छप गई है
सबने क्या लिखा है ,यही न ,
शहर में माओवादियों का जमावारा है
जी बिल्कुल
तो अपनी भी धासू ख़बर तैयार है ।
"मुजफ्फरपुर केन्द्रिये कारा माओवादियो के निशाने पर "
मैंने विस्मय से पूछा श्रीमान ,
यह सूचना है , संभावना,या की मनोभावना है ,
आख़िर यह क्या है?
अरे यार कुछ भी नही
यह आज की पत्रकारिता है //
अमिताभ भूषण
9971760988

5.4.08

पैसे का गीत / गोरख पाण्डेय

पैसे की बाहें हज़ार अजी पैसे की

महिमा है अपरम्पार अजी पैसे की

पैसे में सब गुण

पैसा है निर्गुण

उल्लू पर देवी सवार अजी पैसे की

पैसे के पण्डे

पैसे के झण्डे

डण्डे से टिकी सरकार अजी पैसे की

पैसे के गाने

पैसे की ग़ज़लें

सबसे मीठी झनकार अजी पैसे की

पैसे की अम्मा

पैसे के बप्पा

लपटों से बनी ससुराल अजी पैसे की

मेहनत से जिन्सें

जिन्सों के दुखड़े

दुखड़ों से आती बहार अजी पैसे की

सोने के लड्डू

चाँदी की रोटी

बढ़ जाए भूख हर बार अजी पैसे की

पैसे की लूटें

लूटों की फ़ौजें

दुनिया है घायल शिकार अजी पैसे की

पैसे के बूते

इंसाफ़ी जूते

खाए जा पंचों ! मार अजी पैसे की ।

3.4.08

तुम्हारी कविता / आभा बोधिसत्त्व

तुम्हारी कविता से जानती हूँ

तुम्हारे बारे में

तुम सोचते क्या हो ,

कैसा बदलाव चाहते हो

किस बात से होते हो आहत;

किस बात से खुश


तुम्हारा कोई बायोडटा नहीं मेरे पास

फिर भी जानती हूँ मैं

तुम्हें तुम्हारी कविताओं से


क्या यह बडी़ बात नही कि

नहीं जानती तुम्हारा देश ,

तुम्हारी भाषा तुम्हारे लोग

मैं कुछ भी नहीं जानती ,

फिर भी कितना कुछ जानती हूँ

तुम्हारे बारे में


तुम्हारे घर के पास एक

जगल है

उस में एक झाड़ी

है अजीब

जिस में लगता है

एक चाँद-फल रोज

जिसके नीचे रोती है

विधवाएँ रात भर

दिन भर माँजती है

घरों के बर्तन

बुहारती हैं आकाश मार्ग

कि कब आएगा तारन हार

ऐसे ही चल रहा है

उस जंगल में


बताती है तुम्हारी कविता

कि सपनों को जोड़ कर बुनते हो एक तारा

और उसे समुद्र में डुबो देते हो।

(aabha bodhistv prashidh kvi bodhistv ki jivn-sngini hain. kavita me aajkal kafi sakriy hain)