Bhadas ब्लाग में पुराना कहा-सुना-लिखा कुछ खोजें.......................

Showing posts with label एग्रीगेटर. Show all posts
Showing posts with label एग्रीगेटर. Show all posts

20.3.08

होली के दिन दिल मिल जाते हैं........

अंकित माथुर
हिन्दी ब्लागिंग के छोटे से इतिहास में, भडास ने पता नही ऐसा क्या कर दिया की समूचे हिन्दी ब्लाग जगत में एक हलचल सी मची गई है। भारतीय परिप्रेक्ष्य में यदि देखा जाये तो हिन्दी ब्लागिंग अभी भी शैशवावस्था में ही है, और इसे कोई भी (ब्लागर्स के अलावा या शायद वो भी नही)ज़्यादा गंभीरता से नही ले रहा है। ना जाने क्यों विभिन्न एग्रीगेटरों में इस ब्लाग की लोकप्रियता को लेकर घमासान सा मचा हुआ है। पहले कुछ व्यक्तिगत मतभेद उभर कर सामने आये, फ़िर एक सामूहिक आंदोलन सा चल गया भडास को बंद करने को लेकर।
कमर्शियल रूप से एक ब्लाग पर पडने वाले हिट्स उसी ब्लाग को प्रभावित करते हैं, और यदि कोई एग्रीगेटर किसी चर्चित ब्लाग को अपने साईट पर स्थान देता है तो निश्चित ही उसका भी कुछ तो भला होगा ही। अन्यथा उसे इस प्रकार की सर्विस प्रदान करने का क्या लाभ? यदि है, तो कृपया बतायें।
हिन्दी ब्लागिंग में अब भडास अपना एक मुकम्मल स्थान बना चुका है,वो स्थान चाहे हिन्दी ब्लागिंग के स्व्यंभू खुदाओं के द्वारा बहिष्कृत कर दिये जाने के कारण हो, वैचारिक मतभेदों के कारण हो या, इसे किनारे कर दिये जाने की मुहिम के कारण,अपने तीखे तेवर या फ़िर लेखन की स्वतंत्रता को प्रोत्साहित करने की अपनी आधारभूत पृवृत्ति के कारण। हिंदी ब्लागिंग में भडास अपने आप में क्रमिक विकास की एक बडी परिघटना है। अनेक विवादों का जन्म हुआ, पटाक्षेप भी हुआ। नये लोग जुडे, पुराने हुए फ़िर यकायक किसी कारणवश ब्लाग से अलग हो गये, भडास को इस मुकाम पर पहुंचाने के पीछे यशवंत सिंह का शानदार योगदान रहा है। इस अवधि के दौरान भडास एक दिन यकायक गायब भी हुआ, लोग छटपटाये, लेकिन फ़िर एक सोये हुए शेर की मानिंद भडास जाग उठा और कईयों की नींदे उड़ गईं। बडे ही नाटकीय अंदाज़ में भडास अपने आप को एक प्रभावशाली मंच के रूप में स्थापित किया है।
अभी हाल ही में मैने देखा यशवंत सिंह ने भडास संचालक मंडल घोषित किया है, मेरे विचार से भडास के प्रत्येक सदस्य का भडास को संचालित करने के पीछे काफ़ी बडा हाथ है। लेकिन फ़िर भी यह एक स्वागत योग्य विचार है। इससे भडास को और पैनापन और दिशा मिलेगी। पहले भी कई मर्तबा इस
बात को लेकर चर्चा हो चुकी है कि भडास आखिर है क्या? भडास एक ऐसा मंच है जहां पर लोग अपने
कार्य क्षेत्र, अपनी व्यक्तिगत बातें, रोज़मर्रा से जुडी सरल या काम्प्लेक्स सभी तरह की बातें रखते हैं।
ये एक ऐसा मंच है जहां पर भिन्न भिन्न क्षेत्रों, अनुभवों, कार्यक्षेत्रों, बोलियों को बोलने वाले, अपनी अपनी भडास की अलग अलग परिभाषा रखने वाले लोग अपनी बातें लिखते पढते रहते हैं। जहां तक मेरा मानना है, उन्हे किसी को कुछ साबित नही कर के दिखाना है। जो जी में आता है लिख देते हैं।
अंत में मेरी ब्लाग एग्रीगेटरों से यही अपील है कि इस राई को पहाड ना बनाया जाये।
और किसी भी दुर्भावना से ग्रसित हो कर इसकी रेटिंग गलत सलत तरीके से ना की जाये।

आईये सभी कुछ भुला कर होली के रंगों का लुत्फ़ उठाया
जाये
होली मुबारक...होली मुबारक...होली मुबारक...होली मुबारक...

धन्यवाद...

8.3.08

नए ब्लागरों से ब्लाग एग्रीगेटरों की दुश्मनी कैसी?

कई मित्रों, भड़ासियों, ज्ञात-अज्ञात साथियों ने अपने-अपने ब्लाग बने रखे हैं। वे उस पर अक्सर लिखते भी रहते हैं। पर दुर्भाग्य, उनके ब्लाग को कोई नहीं पढ़ता, कोई कमेंट नहीं करता, कोई वाह वाह या आह आह नहीं करता कहता। मैंने इनमें से कइयों को सजेस्ट किया कि भई, खुद को ब्लागवाणी, चिट्ठाजगत और नारद पर रजिस्टर्ड करा लो, लोग खुद ब खुद आपको पढ़ने चले आएंगे और आपके लिखे में दम रहा तो जरूर आह आह या वाह वाह करेंगे।

उन नए ब्लागर साथियों ने ऐसा किया भी पर इनके लिंक अभी तक कई ब्लाग एग्रीगेटरों के यहां रजिस्टर्ड नहीं हो पाया। मैंने कुछ नए ब्लागरों को मैथिली जी का मोबाइल नंबर भी दे दिया और कहा कि इस नंबर पर एसएमएस कर दीजिए पर तब भी काम नहीं हुआ।

अगर किसी एक दो ब्लाग का मामला होता तो मैं निजी तौर पर ब्लाग एग्रीगेटरों से अनुरोध करता पर ब्लाग कई हैं जो अच्छा खासा काम कर रहे हैं, पर उन्हें एग्रीगेटर भाव नहीं दे रहे। इसी के चलते मैं ये पोस्ट लिख रहा हूं ताकि इसी बहाने एग्रीगेटरों की नजरे इनायत इन नए ब्लागों व ब्लागरों की तरफ हो जाए।

अब अपने डा. रूपेश का ब्लाग आयुषवेद (http://aayushved.blogspot.com) को ही ले लीजिए। डाक्टर साहब अपने ब्लाग पर पूरे भारत वर्ष को घास फूस फूल पत्तियों के सहारे स्वस्थ करने का अभियान चलाए हुए हैं, बिलकुल मुफ्त लेकिन उनके इस नेक काम पर ब्लागवाणी की नजर नहीं है। संभवतः नारद ने खुद ब खुद आयुषवेद को अपने यहां रजिस्टर्ड कर लिया है, जैसा कि डाक्टर रूपेश ने मुझे पहले बताया था। इस बारे में ताजा अपडेट खुद डाक्टर रूपेश अपने कमेंट के जरिए दें कि उनका स्वास्थ्य संबंधी ब्लाग आयुषवेद अभी ब्लागवाणी पर आया या नहीं लेकिन मैं यह दावे से कह सकता हूं कि अभी नहीं आया। वजह ये कि आज जब मैं आयुषवेद पढ़ रहा था तो मार्च महीने के नौ दिनों में ही डाक्टर साहब ने नौ रोगों का इलाज फूल पौधों पत्तियों घास फूस के इस्तेमाल के जरिए बता दिया है और अगर इन नौ पोस्टों में से कोई मेरी निगाह के सामने ब्लागवाणी पर नहीं आई तो जाहिर है कि इस महत्वपूर्ण ब्लाग को ब्लागवाणी ने उपेक्षित कर रखा है।

अपने इलाहाबादी दोस्त विनीत खरे को ले लीजिए। भाई ने पान की दुकान (http://paankidukaan.blogspot.com) सजा रखी है पर ये एग्रीगेटर हैं कि कोई ग्राहक ही नहीं भेज रहे। बेचारे, दिन भर चूना कत्था सुपाड़ी रगड़ रगड़ के खुद ही खा रहे हैं और थूक रहे हैं। उम्मीद है, जब एग्रीगेटर इनकी दुकान को अपने बाजार में जगह देंगे तो इनके यहां भी ग्राहक आने लगेंगे।

इसी तरह डा. अजीत तोमर हरिद्वार वाले का कविताओं का एक ब्लाग है शेष फिर नाम से http://shesh-fir.blogspot.com, जिसे ब्लागवाणी पर रजिस्टर्ड कराने के लिए डाक्टर साहब ने मेरी सलाह के अनुसार खूब काम किया पर उनकी दाल न गली।

इसी तरह एक गंदी लड़की का ब्लाग है http://gandiladki.blogspot.com जो चुपचाप लिखे जा रही है पर उसे कोई नर नारी पूछ नहीं रहा, कोई एग्रीगेटर भाव नहीं दे रहा। उस अनाम कन्या ने भड़ास को मेल कर अपने ब्लाग को भड़ासियों के कोने में शामिल करने का अनुरोध किया तो उसे वहां शामिल कर लिया।

उपरोक्त तीन तो केवल उदाहरण मात्र हैं। असल संख्या तो पचास के आसपास पहुंचेगी।

मेरा ब्लागवाणी व अन्य समस्त ब्लाग एग्रीगेटरों से अनुरोध है कि भड़ास पर बाईं और बने भाई भड़ासियों का अपना कोना सेक्शन में जितने भी ब्लाग लिंक हैं, उनमें से ढेर सारे नए ब्लागरों के हैं। इन ब्लागों व ब्लागरों व हिंदी को बढ़ावा देने के लिए जरूरी है कि स्थापित लोगों की भीड़ में इन नए लोगों को भी मौका दिया जाए ताकि क्या पता कल ये लोग ही सबसे बड़े ब्लागर बन जाएं। कल को कोई नहीं जानता। तो कृपया इन साथियों के ब्लागों को भी ब्लागवाणी, नारद, चिट्ठाजगत आदि अपने यहां जगह दें, इनकी फीड अपने यहां दिखाएं, इनको अपने यहां रजिस्टर्ड करें ताकि इनके लिखे को भी लोग पढ़ें जिससे इन लोगों का उत्साह बढ़े।

साथ ही मेरा एक अनुरोध है कि क्या ऐसा कोई सिस्टम नहीं बनाया जा सकता कि कोई भी नया ब्लाग ज्यों बने, और उस पर दो चार पोस्ट डले, ब्लाग एग्रीगेटरों को खुद ब खुद पता चल जाए और उसे अपने यहां वो खुद ब खुद रजिस्टर्ड कर लें। ऐसा इसलिए कह रहा हूं क्योंकि उत्तर भारत के लाखों करोड़ों लोगों में से अब जब हर पढ़ा लिखा टेक्नोफ्रेंडली हिंदीवाला ब्लागर बनना चाहता है तो उसका उत्सावर्धन करना चाहिए और उन तक खुद ब खुद एग्रीगेटरों को पहुंचना चाहिए। तभी हिंदी का भला होगा और ब्लागिंग का भला होगा। वरना कुछ सैकड़ा लोग आपस में ही गपड़चौंथ करके खुद को सबसे बड़ा बुद्धिजीवी साबित करते रहेंगे और अपने ही लिखे को घंटों तक ब्लागवाणी व अन्य एग्रीगेटरों के यहां पढ़ पढ़ कर, पसंद कर, ज्यादा पढ़ाकर खुश होते रहेंगे।


जय भड़ास
यशवंत