Bhadas ब्लाग में पुराना कहा-सुना-लिखा कुछ खोजें.......................

Showing posts with label मौका. Show all posts
Showing posts with label मौका. Show all posts

7.7.08

पंडित सुरेश नीरव को पहली बार सुनने का मौका मिला

नई दिल्ली स्थित गांधी शांति प्रतिष्टान में आयोजित काव्य गोष्टी में मंच संचालन करते अरविंद पथिक, आशीर्वाद देते पंडित सुरेश नीरव, मंचासीन पीएन सिंह और यशवंत सिंह।

भड़ासियों को काव्य गोष्ठी का न्योता पं. रामप्रसाद बिस्मिल फाउंडेशन के महासचिव अरविंद पथिक की ओर से काफी पहले मिल चुका था। रविवार शाम छह बजे से शुरू हुई काव्य गोष्टी साढ़े आठ बजे तक चली और उसके बाद भोजन का दौर चला। लगभग दर्जन भर कवियों ने अपनी रचनाओं के जरिए खचाखच भरे हाल के श्रोताओं को भाव विभोर किया। पंडित सुरेश नीरव ने पर्यावरण जैसे मुद्दे पर अपनी कविता के जरिए काफी वाहवाही लूटी। इसके अलावा श्लोक अधर...वाली अपनी मशहूर कविता का गायन कर जमकर तालियां लूटीं। मेरे लिए खास यह रहा कि बहुत दिनों बाद किसी काव्य गोष्ठी का हिस्सा बना और इस मौके पर क्रांतिकारी कविताओं की काकटेल को मंच से सुनाया। इस काव्य गोष्ठी की विस्तृत रिपोर्ट अरविंद पथिक जी भड़ास पर डालेंगे पर मैं यहां इतना जरूर कहना चाहूंगा कि रविवार की यह शाम कई मायनों में मेरे लिए काफी फायदेमंद रहे। भड़ास संचालन समिति के सदस्य रजनीश के झा मुंबई से बिहार गए हुए थे और वापसी में दिल्ली आए तो उनसे भी प्रथम मुलाकात का मौका यह कवि सम्मेलन ही बना। कविवर भगवान सिंह हंस के जन्मदिन के मौके पर आयोजित इस कवि सम्मेलन में मेरे मित्र गोपाल राय, अमित द्विवेदी, मनीष राज आदि भी पहुंचे। यहां भारतीयम ब्लाग वाले अरविंद चुतर्वेदी जी से भी मुलाकात हुई। साथ ही प्रवासी संसार मैग्जीन के संपादक राकेश पांडेय जी से परिचय हुआ। ऐसे ढेरों नाम हैं जिनसे पहली दफा मुलाकात का मौका मिला। पंडित सुरेश नीरव को पहली बार मंच से कविता पढ़ते गाते सुनने का सौभाग्य मुझे प्राप्त हुआ। कई बड़े कवि भोपाल से पधारे, उन्हें भी सुनने का मौका मिला।

फिलहाल इसे प्राथमिक रिपोर्ट समझा जाए। विस्तृत रिपोर्ट के लिए हम अरविंद पथिक जी के पोस्ट का इंतजार करेंगे।
जय भड़ास
यशवंत

5.6.08

जौने शहरवा में पिया मोहे जैईहें........

ये गीत मैंने कई बार सुना है और बांस जैसी फटी आवाज में न जाने इसे कई बार चीखा है , पर क्या गजब है कि इसके रचनाकार का नाम मुझे भूल गया है । खैर बस इतने से अपराध के लिए इसे पढने -गाने से ख़ुद को वंचित करने की भयानक सजा मैं ख़ुद को नही दे सकता । आप भी पढिये और मजा लीजिये , हंसिये , रोइए - क्या इसके रचनाकार भिखारी ठाकुर हैं ?

रेलिया बैरन...पिया को लिए जाए रे...

रेलिया बैरन, पिया को लिए जाए रे.....

जौने टिकसवा से, पिया मोरे जैईहें......

बरसे पनिया, टिकस गलि जाए रे.....

जौने शहरवा में पिया मोहे जैईहें........

लग जाए अगिया, शहर जल जाए रे.....

जौने मलिकवा के पिया मोरे नौकर....

पड़ जाए छापा, पुलिस लै जाए रे.......

रेलिया बैरन, पिया को लिए जाए रे................

जौने सवतिया के पिया मोरे आशिक....

गिर जाए बिजुरी, सवत मर जाए रे.....

रेलिया बैरन, पिया को लिए जाए रे.....

अरे.....धीर धर गोरिया रे, तोरे पिया रहिएं....

विनती करिहें, पिया जी घर आएं रे......

रेलिया बैरन पिया को लिए जाए रे.......

10.3.08

सीन एक , टेक टू

सीन एक , टेक टू
पता नही इस दिमाग की गाड़ी को ऐसा क्या हो गया है , साला बिना सीन एक के और टेक टू के बिना काम ही नही करता। इस लिए बोले सीन एक।
इधर कई दिनों से मोहल्ले पर जाना बंद कर दिया है , लेकिन मीडिया से जुडा हूँ तो भडास से दो चार होना ही पड़ता है, (इसमे खबरें जो रहती हैं, यशवंत भाई , आपका खबरों वाला कालम सुपर हिट है ), बहरहाल भडास से ही पता चला कि कुछ देसी विदेशी को लेकर जैसे मेरठ के किसी मोहल्ले मे दंगा हो गया है। भाई एकबारगी तो मैं सच मे डर गया, और वैसे भी आई बी की रिपोर्ट है कि यहाँ मुस्लिम धार्मिक स्थलों पर ९०० लौउड स्पीकर लग चुके हैं, ये लौउड स्पीकर पूरे क्षेत्र मे प्लान करके लगाये गए हैं। क्या आप जानते हैं दंगों मे इन लौउड स्पीकरों की क्या भूमिका होती है ? सबसे तेज कम्युनिकेशन इसी से होता है भाई... मेरा सवाल है ऐसा क्यों? जबकि मेरठ मे तकरीबन ५७ प्रतिशत मुस्लिम आबादी है । बहरहाल ये सारी बातें बाद मे
जहाँ तक मैं सोचता हूँ, विदेश का भी ध्यान हमे देना चाहिए, अच्छी बात है, आख़िर आदमी बड़ी बड़ी बातें करके ही तो महान होता है। जब तक आदमी बड़ा बड़ा लिखेगा नही , बड़ा बड़ा सोचेगा नही , बड़ा बड़ा बड़ा बड़ा ब्ला ब्ला ब्ला ब्ला कुछ ऐसा ही तो नही लग रहा है ?
भाई इतनी तो मुश्किलें हैं यहा... लेकिन मेरी समझ मे नही आता की क्या ये हिदू मुस्लिम विवाद जीवन को जैसे हम जीना चाहते हैं , एक सलीके से , एक शाइस्तगी से, लेकिन काम करते हुए, पूरी उर्जा के साथ, ऐसे जीने मे कोई मदद कर देंगे? मुझे नही लगता। ये सारी रोटियां सेंकने का चक्कर है , बैठे ठाले।
बाकी कल आराम से
राहुल, बजार

8.3.08

नए ब्लागरों से ब्लाग एग्रीगेटरों की दुश्मनी कैसी?

कई मित्रों, भड़ासियों, ज्ञात-अज्ञात साथियों ने अपने-अपने ब्लाग बने रखे हैं। वे उस पर अक्सर लिखते भी रहते हैं। पर दुर्भाग्य, उनके ब्लाग को कोई नहीं पढ़ता, कोई कमेंट नहीं करता, कोई वाह वाह या आह आह नहीं करता कहता। मैंने इनमें से कइयों को सजेस्ट किया कि भई, खुद को ब्लागवाणी, चिट्ठाजगत और नारद पर रजिस्टर्ड करा लो, लोग खुद ब खुद आपको पढ़ने चले आएंगे और आपके लिखे में दम रहा तो जरूर आह आह या वाह वाह करेंगे।

उन नए ब्लागर साथियों ने ऐसा किया भी पर इनके लिंक अभी तक कई ब्लाग एग्रीगेटरों के यहां रजिस्टर्ड नहीं हो पाया। मैंने कुछ नए ब्लागरों को मैथिली जी का मोबाइल नंबर भी दे दिया और कहा कि इस नंबर पर एसएमएस कर दीजिए पर तब भी काम नहीं हुआ।

अगर किसी एक दो ब्लाग का मामला होता तो मैं निजी तौर पर ब्लाग एग्रीगेटरों से अनुरोध करता पर ब्लाग कई हैं जो अच्छा खासा काम कर रहे हैं, पर उन्हें एग्रीगेटर भाव नहीं दे रहे। इसी के चलते मैं ये पोस्ट लिख रहा हूं ताकि इसी बहाने एग्रीगेटरों की नजरे इनायत इन नए ब्लागों व ब्लागरों की तरफ हो जाए।

अब अपने डा. रूपेश का ब्लाग आयुषवेद (http://aayushved.blogspot.com) को ही ले लीजिए। डाक्टर साहब अपने ब्लाग पर पूरे भारत वर्ष को घास फूस फूल पत्तियों के सहारे स्वस्थ करने का अभियान चलाए हुए हैं, बिलकुल मुफ्त लेकिन उनके इस नेक काम पर ब्लागवाणी की नजर नहीं है। संभवतः नारद ने खुद ब खुद आयुषवेद को अपने यहां रजिस्टर्ड कर लिया है, जैसा कि डाक्टर रूपेश ने मुझे पहले बताया था। इस बारे में ताजा अपडेट खुद डाक्टर रूपेश अपने कमेंट के जरिए दें कि उनका स्वास्थ्य संबंधी ब्लाग आयुषवेद अभी ब्लागवाणी पर आया या नहीं लेकिन मैं यह दावे से कह सकता हूं कि अभी नहीं आया। वजह ये कि आज जब मैं आयुषवेद पढ़ रहा था तो मार्च महीने के नौ दिनों में ही डाक्टर साहब ने नौ रोगों का इलाज फूल पौधों पत्तियों घास फूस के इस्तेमाल के जरिए बता दिया है और अगर इन नौ पोस्टों में से कोई मेरी निगाह के सामने ब्लागवाणी पर नहीं आई तो जाहिर है कि इस महत्वपूर्ण ब्लाग को ब्लागवाणी ने उपेक्षित कर रखा है।

अपने इलाहाबादी दोस्त विनीत खरे को ले लीजिए। भाई ने पान की दुकान (http://paankidukaan.blogspot.com) सजा रखी है पर ये एग्रीगेटर हैं कि कोई ग्राहक ही नहीं भेज रहे। बेचारे, दिन भर चूना कत्था सुपाड़ी रगड़ रगड़ के खुद ही खा रहे हैं और थूक रहे हैं। उम्मीद है, जब एग्रीगेटर इनकी दुकान को अपने बाजार में जगह देंगे तो इनके यहां भी ग्राहक आने लगेंगे।

इसी तरह डा. अजीत तोमर हरिद्वार वाले का कविताओं का एक ब्लाग है शेष फिर नाम से http://shesh-fir.blogspot.com, जिसे ब्लागवाणी पर रजिस्टर्ड कराने के लिए डाक्टर साहब ने मेरी सलाह के अनुसार खूब काम किया पर उनकी दाल न गली।

इसी तरह एक गंदी लड़की का ब्लाग है http://gandiladki.blogspot.com जो चुपचाप लिखे जा रही है पर उसे कोई नर नारी पूछ नहीं रहा, कोई एग्रीगेटर भाव नहीं दे रहा। उस अनाम कन्या ने भड़ास को मेल कर अपने ब्लाग को भड़ासियों के कोने में शामिल करने का अनुरोध किया तो उसे वहां शामिल कर लिया।

उपरोक्त तीन तो केवल उदाहरण मात्र हैं। असल संख्या तो पचास के आसपास पहुंचेगी।

मेरा ब्लागवाणी व अन्य समस्त ब्लाग एग्रीगेटरों से अनुरोध है कि भड़ास पर बाईं और बने भाई भड़ासियों का अपना कोना सेक्शन में जितने भी ब्लाग लिंक हैं, उनमें से ढेर सारे नए ब्लागरों के हैं। इन ब्लागों व ब्लागरों व हिंदी को बढ़ावा देने के लिए जरूरी है कि स्थापित लोगों की भीड़ में इन नए लोगों को भी मौका दिया जाए ताकि क्या पता कल ये लोग ही सबसे बड़े ब्लागर बन जाएं। कल को कोई नहीं जानता। तो कृपया इन साथियों के ब्लागों को भी ब्लागवाणी, नारद, चिट्ठाजगत आदि अपने यहां जगह दें, इनकी फीड अपने यहां दिखाएं, इनको अपने यहां रजिस्टर्ड करें ताकि इनके लिखे को भी लोग पढ़ें जिससे इन लोगों का उत्साह बढ़े।

साथ ही मेरा एक अनुरोध है कि क्या ऐसा कोई सिस्टम नहीं बनाया जा सकता कि कोई भी नया ब्लाग ज्यों बने, और उस पर दो चार पोस्ट डले, ब्लाग एग्रीगेटरों को खुद ब खुद पता चल जाए और उसे अपने यहां वो खुद ब खुद रजिस्टर्ड कर लें। ऐसा इसलिए कह रहा हूं क्योंकि उत्तर भारत के लाखों करोड़ों लोगों में से अब जब हर पढ़ा लिखा टेक्नोफ्रेंडली हिंदीवाला ब्लागर बनना चाहता है तो उसका उत्सावर्धन करना चाहिए और उन तक खुद ब खुद एग्रीगेटरों को पहुंचना चाहिए। तभी हिंदी का भला होगा और ब्लागिंग का भला होगा। वरना कुछ सैकड़ा लोग आपस में ही गपड़चौंथ करके खुद को सबसे बड़ा बुद्धिजीवी साबित करते रहेंगे और अपने ही लिखे को घंटों तक ब्लागवाणी व अन्य एग्रीगेटरों के यहां पढ़ पढ़ कर, पसंद कर, ज्यादा पढ़ाकर खुश होते रहेंगे।


जय भड़ास
यशवंत