Bhadas ब्लाग में पुराना कहा-सुना-लिखा कुछ खोजें.......................

Showing posts with label जीवन. Show all posts
Showing posts with label जीवन. Show all posts

25.4.09

जीवन

आकाश को देख रहा हूँ । कोई छोर नही दीखता । इतना फैला हुआ है ...... डर लग लगता है ।
सोचता हूँ । हमारे अलावा इस ब्रह्मांड में कही और जीवन है ???
अगर नही तो रोंगटे खड़े हो जाते है । इतने बड़े ब्रह्माण्ड में हम अकेले है !विश्वास नही होता ...लगता है , कोई तो जरुर होगा ।
फ़िर सोचता हूँ । आकाश को इतना फैला हुआ नही होना चाहिए । कुछ तो बंधन जरुरी है । भटकने का डर लगा रहता है ।


सुना है पृथ्वी गोल है । हो सकता है , ब्रह्माण्ड भी गोल हो । किसे पता ?? भाई हमारी भी तो एक सीमा है । सबकुछ नही जान सकते । कुछ दुरी तक ही भाग दौड़ कर सकते है । भाग दौड़ करते रहे । इसी का नाम तो जीवन है । इतना सलाह जरुर देना चाहुगा की सबकुछ जानने के चक्कर में न पड़े । यह एक बेकार की कवायद है । इस राह पर चल मंजिल को पाना तो दूर की बात है , खो जरुर देगे ।
इधर ये भी सुनने में आया है की एक क्षुद्र ग्रह पृथ्वी से टकराने वाला है ...शायद २०२८ में !
यह सनसनी है या हकीकत नही पता ।
अगर सनसनी है ...तो है ..पर वास्तव में ऐसा है तो परीक्षा की घड़ी आ गई है ...
इस खबर को सुनकर सुमेकर लेवी वाली घटना याद आती है , जब मै बच्चा था । सुमेकर बृहस्पति से जा टकराया था । यह घटना १९९४ की है । उस समय ऐसी ख़बर सुन डर गया था ।
देखते है ...२०२८ में क्या होता है .......

7.1.09

भड़ास आश्रम में बाटी-चोखा, मुख्य अतिथि 'विस्फोट'

भड़ास के यशवंत और विस्फोट के संजय बाटी-चोखा को अंतिम रूप देते।

आजकल खूब मस्ती है। दिन भर कंप्यूटर और काम की खिट-पिट-खिच-पिच के बाद शाम होते ही 'भड़ास' और 'विस्फोट' का मिलने हो जाता है और ये दोनों मिलकर लगाने में जुट जाते हैं 'आग'। देखते ही देखते इनकी लगाई आग धधकने लगती है। फिर इस आग में सेंकते हैं हम दोनों हाथ। फिर सेंकते हैं बाटी। तगाड़ी में गोइंठा (उपला) और गोइंठा (उपले) की आग। आग के उपर बाटी और आग के नीच आलू। बाटी के अगल-बगल टमाटर और बैगन। बस, दो घंटे की कसरत के बाद बाटी चोखा तैयार। खाओ, खाते जाओ और प्रभु के गुण गाते जाओ। परम तृप्ति के साथ महसूस होता है कि दुनिया में सुख केवल उन्हीं नेचुरल चीजों में हैं जिन्हें हमने बिगाड़ा नहीं है। बाटी-चोखा बहुत आदिम किस्म का खाना है। एक किलो आटा, एक किलो आलू, पाव भर टमाटर, दो बड़े बैगन, दस ग्राम नमक, 25 ग्राम सरसो तेल, पाव भर प्याज, थोड़ी सी धनिया, अदरक व लहसुन। सात-आठ उपले। बस, तैयार हो गया शुद्ध देसी खाना। ये खाना बिहार और यूपी में ज्यादातर भट्टे पर काम करने वाले मजदूर बनाते-खाते हैं लेकिन बाटी चोखा पंद्रह दिन या महीने भर में इस इलाके के लगभग हर घर में बन जाता है।
तो दिल्ली में संजय भाई के साथ जो प्रयोग कर रहा हूं उस प्रयोग की लत हम दोनों को लग चुकी है। एक दिन मिनी भड़ास आश्रम में संजय भाई को बाटी-चोखा पर न्योता क्या दिया, संजय ने अगले दिन आदेश दिया कि कार में उपले लादो और दरियागंज स्थित विस्फोट दफ्तर हाजिर होओ। मैं भी पहुंचा। साथ में तीसरे स्वाधीनता आंदोलन वाले गोपाल राय जी को कार में बिठा लिया। दरियागंज संजय भाई के यहां बाटी-चोखा का जमकर दौर चला। इसके एक दिन बाद कल फिर संजय भाई ने पुकारा और मैं कार में गोइंठा लाद कर दौड़ा चला गया। वहां बनाते खाते रात साढ़े ग्यारह बज गए।
उपरोक्त तस्वीर मिनी भड़ास आश्रम पर बाटी-चोखा के निर्माण की है।
कल बातों बातों में किसी ने कह दिया कि आप लोग उम्र बढ़ने और अनुभव बढ़ने के साथ-साथ सहज और मुक्त होते जा रहे हैं। उसकी बातों में दम था। गहराई से सोचा तो लगा कि शायद यही अपनी परंपरा रही है। मुक्त होने, अंदर से आजाद होने, सहज होने की कवायद ही तो जिंदगी है। जितने तरह के चूतियापे जीवन में भरे होते हैं उनसे धीरे धीरे मुक्त होना ही संतई है। मैंने मजाक में जवाब दिया- इसी रफ्तार से मुक्त होते रहे तो अगले चार-पांच साल में मैं और संजय भाई घर-बार छोड़कर दुनिया में टहलते मिलेंगे और हम दोनों को देखते ही लोग बाटी-चोखा का निर्माण शुरू कर देंगे क्योंकि तब तक सबको पता हो गया होगा कि बाबा लोग केवल उपले की आग पर बने-भूने सामान ही खाते हैं।
जय हो भड़ास, जय हो विस्फोट....धांय धूंय धड़ाम भड़ाम.......जय हो बाटी चोखा....यम्म यम्म चप चप...
यशवंत

29.7.08

फूल और कांटे

कुछ ऐसे बदनसीब होते हैं जिनके जीवन में फूल हैं पर फ़िर भी आंखो में आंसू तैरते हैं पता है क्योंकि कांटो वाला हिस्सा उनका होता है और उन्हें फूल भी चुभन ही दे रहे होते हैं। आप कम कर सकते हैं इसकी आंखो का एक आंसू और कांटो की चुभन को अपनी प्रेमिका के लिये एक फूल खरीद कर..................






15.7.08

मुंबई की रात को बयान करती ये तस्वीरें...........

जब अक्खा दुनिया सोती है तो मुंबई जागता है, ऐसा मुंबई वाले कहते हैं । मुंबई से जो बाहर रहते हैं वो इसे सुनते हैं और मानते हैं, मगर इनके जागने का क्या कारण है...... इनका मायानगरी होना, मायानगरी की चमक दमक, ग्लेमर को लुभाती रात या फ़िर कुछ और ????

दुनिया सोये या जगे, माया का पता लग सके.....





मायानगरी की माया तो ट्रेन है



मुंबई के स्टेशन बन्दों की दरगाह




लाइफलाइन यानी मुंबईरेल और स्टेशन यानी पल पल का जीवन




मुंबई का सच, रात को जगते ये माली कि मुंबई को दिन में खुशबू दे सकें।


ये एक सच उनके लिए जो मुंबई कि माया में जा के खो जाना चाहते हैं मगर हकीकत से अनजान. क्या इन तस्वीरों को हम अपने जीवन से आत्मसात कर सकते हैं ? क्या सरकार, प्रशासन के साथ आम जन के कर्त्तव्य की सीमा रेखा से परे हैं ?विचार विचार और सिर्फ विचार नहीं मित्र कार्य की दरकार है और ये मुंबई की कहानी नहीं हमारे हिन्दुस्तान की जुबान है. विकसित भारत, शक्तिशाली भारत, अणु और परमाणु वाला भारत मगर जिसकी रीढ़ की हड्डी ये तस्वीरें हैं. हमारे देश की हमारी तस्वीर।

जय जय भड़ास

19.5.08

और वे दुनिया से ऐसे चली जाती थीं जैसे पैदा ही न हुई हों --ब्रजेश्वर मदान

हिंदी के जाने माने फिल्म समीक्षक ब्रजेश्वर मदान की कुछ कविताएं भड़ास पर डालना चाह रहा हूं। उनसे मेरी दो तीन मुलाकातें हैं। उनके बारे में जितना जान सका, उसके आधार पर मैं यही कह सकता हूं कि इस व्यक्ति का जीवन हम लोगों के सामने एक प्रेरणा की तरह है।

दुखों और मुश्किलों के इतने लंबे राह से गुजरे हैं कि दूसरा कोई हो तो टूट जाये, बिखर जाए, हताश हो जाए। पर मदान साहब सब कुछ को शंकर की तरह निगलकर उसी तरह चेतन, शांत, सहज हैं जैसे अपने पूरे जीवन में रहे।

हर पल कुछ रचने वाले, लिखने वाले, सोचने वाले मदान साहब की निजी जिंदगी के इतने ढेर सारे दुखदायी पहलू हैं कि उसके बारे में सोचते हुए भी आंखें भींग जाती हैं। चार बेटों का एक एक कर गुजर जाना। फिर धर्मपत्नी का स्वर्गवासी हो जाना....। अब ब्रजेश्वर मदान साहब अपने घर में नितांत अकेले हैं। इन दिनों राष्ट्रीय सहारा, नई दिल्ली में कार्यरत हैं।

आपको वर्ष 1988 में बेस्ट राइटिंग आन सिनेमा अवार्ड मिला। वो हिंदी के पहले शख्स हैं जिन्हें यह सम्मान प्राप्त हुआ।

20 अगस्त 1944 को जन्मे मदान साहब का कहना है कि उन्होंने नौकरी कभी कभी, चाकरी कभी नहीं की।

उनके तीन कहानी संग्रह प्रकाशित हैं...
१-लेटर बाक्स (हिंदी अकादमी द्वारा पुरस्कृत)
२-बावजूद
३-सूली पर सूर्यास्त

एक कविता संग्रह प्रेस में है। इसका नाम रखा है पहले पहल। उनकी सिनेमा पर एक किताब है जो काफी चर्चित है। नाम है सिनेमा- नया सिनेमा।
पेश है ब्रजेश्वर मदान की एक कविता

अनंतगता पत्नी के नाम
-----------------------
दस मई को उसे गुजरे
हो गया एक साल
समाचार पत्र में
जा रहा था देने इश्तिहार
स्कैन करवाई उसकी तस्वीर
सोचा कि खाली स्पेस में लिख दूं
जन्मतिथि और मृत्यु की तारीख
लेकिन अपनी जन्मतिथि
खुद उसे कहां पता थी
लड़कियों के जन्म का, मृत्यु का
पंजीयन तब होता ही नहीं था
और वे दुनिया से ऐसे चली जाती थीं जैसे
पैदा ही न हुई हों
उनकी मृत्यु की तारीख
मैं नहीं लिख सका
क्योंकि मेरे लिए तो वह
मरी ही नहीं थी कभी
छोड़ दिया उसकी याद में
विज्ञापन देने का ख्वाब।
(
क्रमशः)

-----------------------------

किवाड़

------

दो पल्ले वाले दरवाजे

अब क्यों नहीं दिखते

गांव में होते थे।

खुलते थे सुबह-सुबह

रात में जुड़ जाते थे

पति-पत्नी की तरह।

यहां एक पल्ले वाले हैं दरवाजे

एक अकेला आदमी हूं मैं

इनसे टिकाकर खड़ा होता हूं

पीठ अपनी

क्या जाने इंतजार में किसके

अल्मारियों के दो पल्ले हैं

जैसे मरने के पहले

वह अल्मारी में रख गई हो

अपना घर

दो पल्ले थे खिड़कियों के वैसे तो

पर एक ने पल्ला झाड़ लिया था

मई जून के अंधड़ में

और रह गया था अकेला

वह दूसरा पल्ला

जिससे वह झांकती है

रात को कभी कभी

जब बिजली कौंधती है

उभरता है एक साया

डरकर लिपट जाना चाहता है वो मुझसे

जैसे लिपट जाती थी वो

जब तक तूफान नहीं थमता था

कैसे बताऊं उसे

झूलता हुआ

अंधड़ में

खुद हूं मैं

आज एक

टूटे कब्जे वाला

एक पालिया दरवाजा

खड़कता हुआ लगातार

उनके ही इंतजार में।



(मदान साहब को आप 9871543490 पर फोन करके उनसे संपर्क कर सकते हैं और उनके साथ अपना जुड़ाव प्रकट कर सकते हैं।)