Bhadas ब्लाग में पुराना कहा-सुना-लिखा कुछ खोजें.......................

Showing posts with label vyangya kavita. Show all posts
Showing posts with label vyangya kavita. Show all posts

19.9.13

जननायक की जय हो

जननायक की जय हो

फूट गए जन-जन के किस्मत 
जब खलनायक ही अधिनायक 
क़ोम -क़ोम में लहू बहाकर 
कहलाते खुद को जननायक 

शाख -शाख पर उल्लू  बैठे 
साध रहे सब अपना मतलब 
जिस माता की कोख से जन्मे 
उसे उझाड़े क्रूर खल नालायक  

भारत माँ का भाग्य विधाता 
किसकी करनी किसको भरनी 
बस लाश गिरे, हो हिंसक बस्ती 
है कुटिल इरादा कुरसी मिलनी 

उत्तर दक्षिण पूर्व पश्चिम
धुं -धुं कर हर दिशा जले 
मारो काटो अमन चैन को 
नफरत का नंगा नाच चले

चाहे पराजीत हो प्रजातंत्र
चाहे जनतंत्र की कुर्बानी हो 
कीमत कितनी भी लग जाए 
गूँजे अधिनायक की जय हो 

रो-रो कर जन-जन पुकारे- 
जय हो,जननायक की जय हो

  
   

30.6.13

नेता वचन

नेता वचन 

चुन लिया हमको नेता तो हश्र उसका पाईये
बच गये कयामत से कैसे उत्तर देते जाईये 

बच गया हिमालय ! इसे करिश्मा ही मानिए  
हिमगिरी के वस्त्र हरण में कसर रही ये जानिए  

खुदा से भी बड़ा अब तो हमको हुजुर मानिए  
पर्यटन के भ्रष्ट पाश में सबको तडफता पाइये

नेताओं के कुकर्मों से शिवशंकर गच्चा खा गए!
भस्मासुर नहीं भस्म हुआ भोले जी भी मान गए
  
महा मौत के खप्पर से भी लोग जिन्दा बच गए?
इसे हमारी नीतियों का नाकारापन ही जानिए 

जो बच गये आबाद सलामत उन्हें आगे डुबो देंगे
नही होता है विश्वास तो इतिहास पलटते जाइए  

राहत-बचाव के नाम का इश्तहार चिपकायेंगे 
तेरे आँसुओं की बाढ़ में तुम सबको ही डुबोयेंगे   

     

3.3.13

बजट से .............


बजट से .............

गाँवों के विकास पर
धन का आवंटन
हर बरस होता है
फिर भी गाँव
गाँव ही रहता है!!
शिक्षा के प्रसार पर
खूब खरच होता है
फिर भी शिक्षित
बेरोजगार रहता है!!
किसान के नाम पर
धन की बौछार
हर बरस होती है
लेकिन बेचारा किसान
पेड़ पर लटकता है!!
गरीबों के हित में
नित नई योजना का
जन्म होता रहता है 
मगर,हाय रे किस्मत!
गरीबी का अम्बार
हर साल बढ़ता रहता है!!
रक्षा के खर्च का
आँकड़ा बढ़ता है
फिर भी 
देश में आतंक
खूब फलता है फूलता है।
यह सब अजीब!
मगर सौ टका सच है,
क्योंकि -
बजट का
धन के आवंटन से
ज्यों ही मिश्रण होता है
तब-
कीड़े की लार
और
जनता के आँसुओं का
रसायनिक परिवर्तन होता है
यही कारण है कि -
पानी से भरा गिलास
जनता तक
बूंद बनकर पहुँचता है। 

3.2.13

बदलती संस्कृति


बदलती संस्कृति 

मेरे देश का परिवेश बदल रहा है ,भाषा बदल रही है ,संस्कृति बदल रही है ,आधुनिकता के
तूफान में जो अच्छा था वह भी ढह ढहा कर गिर रहा है -कुछ पंक्तियों का आनन्द लीजिये,
व्यंग प्रस्तुत है -

एक ससुर ने
पढ़ी लिखी बहु से कहा-
बहु ,
मेरा पोते को कुछ संस्कार सीखा।
उसके बाल मन को,
कुछ प्रभु की ओर झुका,
उसे कुछ श्लोक,प्रार्थना सीखा।
बहु बोली -
आपकी आज्ञा का होगा पालन,
बताईये कौनसे श्लोक का है चलन।
ससुर बोला -
मेरे पोते को सबसे पहले
"त्वमेव माताश्च पिता त्वमेव "सीखा
कुछ दिन बाद पोते ने
यह प्रार्थना अपने दादा को
कुछ  इस तरह सुनायी-
यू आर माई मॉम
यू आर माई डेड
यू आर माई ब्रो
यू आर माई फ्रेंड
यू आर माई टीचर
यू आर माई मेम
यू आर माई ऑल
यू आर माई ऑल  

17.12.12

गरीबी खत्म हो चुकी है!!


गरीबी खत्म हो चुकी है!! 

महँगाई को,
सरकारी आंकड़े,
कच्चा ही खा रहे हैं,
दिन -प्रतिदिन,
सिकुड़ते गरीब को,
धनवान बना रहे हैं!
जबसे-
गरीबी हटाओ का,
नारा दिया है,
तब से-
बत्तीस के धनवान!
नित्य- निरंतर,
देश में पनप रहे हैं!!
महँगाई को कोसना,
देश के अमीरों की,
आदत बन चुकी है;
फाईल कहती है,
चार रुपल्ली में,
दौ जून की रोटी,
आराम से मिल रही है!
चीखना चिल्लाना,
बिलखना और रोना,
इस देश की जनता की,
आदत बन चुकी है!
आंकड़ों के मुताबिक,
इस देश से गरीबी,
कब की ख़त्म हो चुकी है!!!


3.12.12

भीड़ का टोटा


भीड़ का टोटा 

नेताजी की,
चुनावी सभा का,
आयोजन तय हो गया।
शामियाना वाला
सस्ते में, 
भोंपू वाला
पांच पर पांच फ्री
स्कीम में,
फूल वाला
पहनी माला वापिस लेकर
आधे में सेट हो गया।
बचा है मसला-
ताली बजाने वालो का,
जो रेट से अपसेट है,
पिछली बार से इस बार,
चढ़े तीन गुणे रेट है।
नेताजी ने पूछा -
ताली बजाने के रेट,
क्यों बहुत ज्यादा है?
महंगाई का दर,
पाँच साल से,
सिर्फ दस टका है।
कार्यकर्त्ता ने कहा -
भीड़ वाला
कुछ यूँ कहता है, 
दस टका का आंकड़ा,
पूरी तरह खोटा है।
इसलिये बाजार में,
ताली बजाने वाली
भीड़ का भारी टोटा है।
     

10.11.12

भीड़ तंत्र


भीड़ तंत्र 

वो -
काले दाग, 
जो सत्य की कब्र में दफन थे, 
एक मुँह फट की बदोलत, 
सफेद खादी के घेरे को तोड़,
देश भर में बिखर गए हैं।
किसी अकेले के दाग होते 
तो- 
लीप पोत कर साफ कर देते ;
मगर- 
ये तो भ्रष्ट मोतियों की लड़ी है,
जिसका धागा,मोती और पेंडल 
सब काला और वक्र है।
एक काला दुसरे को काला बता रहा है! 
एक चोर दुसरे को चोर बता रहा है !
असमंजस में आम आदमी ? 
चोरो से वफा की बातें सुन रहा है!
और वो  काला- 
किराये की भीड़ को, 
खुद की बेगुनाही का चाँद 
खुद के हाथ में दिखा रहा है!
मगर- 
भीड़ को
उसकी कहाँ परवाह, 
कि, 
वह काला है या सफेद? 
वह तो टकटकी बांधे 
उस ओर देख रहा है,  
जो -
चंद नोटों से इन्हें खरीद लाया है।    

14.9.12

21 वीं सदी

21 वीं सदी 

हमने पूछा -
नेताजी;
घोटाले पर घोटाले,
कर के पैसों की लूट,
विकराल होता भ्रष्टाचार,
रुका हुआ विकास,
रोता हुआ किसान,
बेहाल नागरिक,
उद्योगपतियो की चांदी,
महंगाई की आंधी,
क्या करेंगे आप कुछ टिपण्णी ?
नेताजी बोले-
ये अर्थहीन बातें,
अनर्थ उपजा रही है।
हमारी नीति को , 
उलटा समझा रही है!  
प्रजा चाहती है जाना,
उनीसवीं सदी में।
हम ले जा रहे हैं उनको,
अब इक्कीसवीं सदी में।  
 

23.12.11

अब चोर जमात है खतरे में

अब चोर जमात है खतरे में


ये इन्कलाब के नारे ,
ये बगावत के नारे, 
अब सहन नहीं होंगे;
क्योंकि-
यह जेहाद फैलाते है, 
सोये हुए को जगाते है, 
कायरों में जान फूंकते है. 
इसी इन्कलाब ने- 
फिरंगियों को खदेड़ा था, 
भारतीयों को जोड़ा था, 
आपातकाल को मरोड़ा था,
आज यही इन्कलाब- 
बच्चे,बुड्ढे,युवा,सब के खून में उबल रहा है; 
सच्चाई का गरमागरम लावा उगल रहा है; 
अधिकारों को पाने का संग्राम सिखा रहा है; 
चुने हुए शातिरों पर सीधी अंगुली तान रहा है.
यह बुझने वाला दीया-
पल-पल नयी मशाल जला रहा है.
यह बुझने वाला दीया 
पल-पल नयी जोत फैला रहा है.
टिमटिमाते दीये पर, 
आंधी बन कर टूट पड़ो.
मुट्ठी बनते हाथों पर, 
 कहर बन कर फूट पड़ो.
अभिव्यक्ति की आजादी पर, 
सीधा-सीधा वार करो .
अधिकार मांगनेवालो पर, 
मुक्का बन कर बरस पड़ो.   
सख्त लोकपाल के आने पर, 
हर दल का पग है दलदल में .      
भूलो अपने मतभेदों को 
अब चोर जमात है खतरे में