Bhadas ब्लाग में पुराना कहा-सुना-लिखा कुछ खोजें.......................

Showing posts with label साजिश. Show all posts
Showing posts with label साजिश. Show all posts

1.8.08

बारिश में पतंग मत उड़ाओ सोमकुंवर (संदर्भ: पत्रकार जुबैर कुरैशी पर बेबुनियाद आरोप)

अवधेश बजाज
त्वरित टिप्पणी

सच कहते हैं तो बुरा मानते हैं लोग
और रो-रो कहने की आदत नहीं हमारी
इस अशआर से प्रेरित होकर राज एक्सप्रेस के अपराध संवाददाता ने राज एक्सप्रेस में गुरुवार को एक खबर लिखी। खबर का शीर्षक था ‘अधीक्षक के सामने आईएसओ जेल में कैदियों से क्रूरता’। इस खबर से भोपाल के जेल अधीक्षक पीडी सोमकुंवर इतने बौखलाए कि उन्होंने जुबैर कुरैशी पर प्रतिबंधित संगठन सिमी से ताल्लुकात का आरोप मढ़ दिया। इस तारतम्य में सोमकुंवर ने राज एक्सप्रेस के मैनेजमेंट को एक पत्र भी लिखा है।

दरअसल इसमें सोमकुंवर की गलती नहीं है। यह हमारी राजनीतिक व्यवस्था के अर्थतंत्र की गलती है। सत्ता के साकेत में बैठे दल्ले ऐसे सोमकुंवर पैदा करते हैं, जिनकी प्रेस वालों पर उंगली उठाने की हिम्मत होती है। सत्ताई अर्थतंत्र के आंगन की सदा सुहागन सोमकुंवर क्या है, उनका चरित्र और उनकी आर्थिक सेहत किसी से छुपी नहीं है। उमा भारती के मुख्यमंत्रित्व काल में उनके स्थानांतरण को रूकवाने के लिए दो सांसद, पांच मंत्री और भाजपा के दो राष्ट्रीय महामंत्रियों ने लाबिंग की थी। इसका मैं प्रत्यक्ष गवाह हूं। सोमकुंवर सत्ताई दल्लों के संरक्षण में गदरा रहे हैं। वे राजनीतिज्ञों को खरीद सकते हैं, लेकिन मीडियाकर्मियों को नहीं।

जुबेर कुरैशी मुस्लिम है। लिहाजा उस पर सिमी से संबंध का आरोप लगाने का उपक्रम सोमकुंवर जैसे मानसहीन लोग ही कर सकते हैं। सवाल यह उठता है कि हमारी तंत्र व्यवस्था में सोमकुंवरों का जन्म कैसे होता है, एक ही पद पर ये नौ-नौ साल कैसे जमे रहते हैं? दरअसल ये हमारी अफसरशाही के नव सामंत हैं, जो राजनीतिज्ञों के संरक्षण में बेलगाम हो रहे हैं। मीडियाकर्मियों को एकजुटता के साथ ऐसे बेलगाम मानसहीन सोमकुंवर को करारा जवाब देना चाहिए। आज एक जुबैर कुरैशी के खिलाफ एक अफसर बेबुनियाद, मिथ्या आरोप लगा रहा है। कल आपकी बारी आ सकती है।
--------------------------------------------------------
(लेखक अवधेश बजाज मध्य प्रदेश केंद्रित लोकप्रिय मीडिया पोर्टल बिच्छू डाट काम के प्रधान संपादक होने के साथ-साथ प्रदेश के प्रतिष्ठित वरिष्ठ पत्रकार हैं)

3.6.08

अविनाश जी हमें माफ करें, हम पर रहम करें, हम हार गए क्योंकि हम बुरे लोग हैं, हम अब नहीं लड़ेंगे

पिछले कुछ दिनों से चल रहे ब्लागिंग के विवाद को मैं अपनी तरफ से खत्म करने का ऐलान करता हूं। हालांकि मुझे पता है कि कुछ लोग अब भी फर्जी नाम से फर्जी ब्लाग बनाकर भड़ास संचालक मंडल के साथियों के बारे में लगातार गलत बातें लिख रहे हैं। बावजूद इसके, हम लोग अपनी ओर से इस पूरे प्रकरण को बिना शर्त खत्म करते हैं और इस मुहिम को वापस लेते हैं।

यह सब करने के पीछे बस एक सोच है। अगले तीन महीनों तक हम किसी विवाद या झमेले में नहीं पड़ना चाहते। अगर कोई विवाद पैदा करने के लिए हम लोगों को किसी भी तरह उकसाता है तो हम रिएक्शन मे कोई कार्रवाई नहीं करेंगे।

अभी हम लोगों की प्रियारिटी में भड़ास की सफलता से रिएक्शन में जाकर पगलाया हुआ कोई व्यक्ति नहीं होना चाहिए बल्कि अपने काम और अपने मिशन होने चाहिए। अगर हम अपने काम और अपने मिशन में सफल हो जाते हैं तो उसके बाद हम चाहे जो पहल करें।

मैं ये बयान हरे प्रकाश जी और डा. रूपेश की सहमति के बगैर लिख रहा हूं इसलिए हो सकता है कि आप दोनों मेरे स्टैंड से असहमत हों। अगर आप लोगों की असहमति है तो आप दोनों जो निर्देश दें, वो मैं पालन करने के लिए तैयार हूं। पर जो बातें मैंने उपर लिखी हैं वो काफी सोच-समझकर और दूरगामी हितों को लेकर लिखी हैं। उम्मीद है, आप लोग मेरी मनःस्थिति को समझेंगे।

बाकी, चीजें जहां तक पहुंचा दी गई हैं, उसमें अभी करने के लिए बस दो ही रास्ते हैं। या तो परेशान करने वाले की सड़क पर पिटाई करें या फिर उसे कुछ भी करने-लिखने-कहने के लिए खुला छोड़ दें। मैं दूसरे विकल्प को चुन रहा हूं।

वो फर्जी ब्लाग पर भड़ास संचालक मंडल के सदस्यों के बारे में चाहे जो लिखे, हम उस पर कोई एतराज या आपत्ति नहीं जतायेंगे, हम उस पर किसी हालत में रिएक्ट नहीं होंगे, हम उसे कतई नहीं पढ़ेंगे। दुनिया उसे पढ़कर हम लोगों के बारे में चाहे जो धारणा बनाए, बनाती रहे क्योंकि हम लोगों ने अपने जीवन में अभी तक अगर लोगों की राय की परवाह नहीं की है तो अब क्यूं करने लगे। जो लोग लोगों की राय से संचालित होते हैं, वो जीवन में कुछ नहीं कर पाते।

और सबसे बड़ी बात कि हम लोग तो खुद ही कहते हैं कि हम बेहद बुरे और शैतान टाइप लोग हैं। अगर कोई भाई लिख लिख कर हम लोगों को शैतान और बुरा साबित करने पर तुला हुआ है तो दरअसल वो हम लोगों का ही काम कर रहा है। मैं जानता हूं कि आज के दौर का कोई हीरो नहीं है। जितनी भी हीरोइक छवियां हैं, सब निगेटिव हैं। चलो, पाजिटिव नहीं, निगेटिव छवि वाले हीरो तो हैं हम भड़ासी।

मैं उम्मीद करता हूं कि मेरी बातों को भड़ास संचालक मंडल के साथी और भड़ास के पाठक सही अर्थों में समझेंगे।

एक बार फिर....

हम भड़ास के लोग अपनी तरफ से किसी के भी खिलाफ नहीं हैं और हम कोई अभियान नहीं चलाने जा रहे। हम अपने को हारा हुआ मान रहे हैं और सामने वालों को जीतने का सुख देना चाह रहे हैं। आप जीत गए, हम हार गए। आप जीतने की खुशी मे हम हारे हुए लोगों के बारे में अनाश शनाप लिखना जारी रखें।

अंत में चार लाइनें, अपने प्रिय कवियों में से एक जेपी नारायण की

हारे हुए हम, जीते हुए तुम
हारे हुए लोगों के सहारे हुए हम
राजा हुए तुम, बाबू हुए तुम
अपनी ज़िंदगी के बेचारे हुए हम

जय भड़ास
यशवंत

3.3.08

भड़ास की सदस्यता के लिए नई शर्त

रमेश शर्मा नामक सज्जन ने जिस तरह रेशमा और मोइन की नंगी सेक्स स्टोरी को बेहद अश्लील तरीके से लिखकर भड़ास पर प्रकाशित किया, उससे यह जाहिर हो गया कि कुछ लोग जान बूझकर भड़ास को बदनाम करने के लिए किसी भी हद तक साजिश करने के लिए उतर आए हैं। मुझे तुरंत ही इस पोस्ट को डिलीट करना पड़ा और इन सज्जन की मेंबरशिप को हटाना पड़ा। इससे पहले इन साजिशकर्ताओं की तरफ से ही किसी एक सज्जन ने अनाम नाम से एक सीनियर महिला ब्लागर का नाम लेकर उनके खिलाफ भड़ास के चैट बाक्स पर अश्लील कमेंट लिख डाले। मुझे तुरत फुरत बिना देर किए उस चैट बाक्स को ही लेआउट से रिमूव करना पड़ा।

उपरोक्त दोनों ही कारनामों के दौरान संयोग ये था कि मैं खुद आनलाइन था और मेरी नजर तुरंत इन जगहों पर पड़ गई। ऐसे में इन साजिशों को देखते हुए मुझे भड़ास की सदस्यता के लिए आनलाइन ओपेन इनविटेशन देने के बजाय मांगने पर सदस्यता देने का निर्णय लेना पड़ा ताकि सदस्यता देने से पहले संबंधित सज्जन के बारे में पड़ताल की जा सके। अब भड़ास का सदस्य बनने के लिए किसी को भी अपना मोबाइल नंबर व नाम लिखकर yashwantdelhi@gmail.com पर भेजना पड़ेगा। उनसे बातचीत के बाद ही उनकी सदस्यता एप्रूव की जाएगी।

मुझे उम्मीद है कि जितने भी लोग इस वक्त भड़ास के सदस्य हैं, उनमें जिन लोगों को मैं निजी तौर पर उनके लेखन, उनके ब्लाग, उनसे परिचय होने के नाते जानता हूं, उनके अलावा जो लोग हैं, वे संयम बरतते हुए कुछ भी ऐसा नहीं लिखेंगे जिससे किसी ब्लागर या किसी पाठक को कोई कष्ट हो। भड़ास आज भी अपने मूल मंत्र पर कायम है कि अगर कोई बात गले में अटक गई हो तो उगल दीजिए, मन हलका हो जाएगा....इस मूलमंत्र से जाहिर है कि वही बात लिखिए जो आपके जीवन व विचारधारा के सुख दुख से जुड़ी हो और जिसे आप अभिव्यक्त नहीं कर पा रहे हों। इसमें अश्लील बातें भी आ सकती हैं लेकिन उनका एक सामाजिक संदर्भ व संदेश व निजी जीवन से कोई मतलब होना चाहिए। सिर्फ काल्पनिक व गपोड़ी सेक्स कहानियों को भड़ास के मंच पर डालना आपराधिक कृत्य होगा।

उम्मीद है मौके की नजाकत को देखते हुए आप सभी लोग भड़ास जैसे सबसे बड़े हिंदी ब्लाग की व्यवस्था बनाए रखने में मदद करेंगे और इसे बढ़ाने में दिल ओ जान से प्रयास करेंगे।

जय भड़ास
यशवंत
yashwantdelhi@gmail.com