Bhadas ब्लाग में पुराना कहा-सुना-लिखा कुछ खोजें.......................

Showing posts with label फिल्म. Show all posts
Showing posts with label फिल्म. Show all posts

3.5.11

स्टेज के कड़वे-मीठे अनुभव/श्रेणी-१. अंतरात्मा की आवाज़ ।

 अंतरात्मा की आवाज़ ।
(सौजन्य-गुगल)

प्यारे दोस्तों,
 
प्रत्येक कलाकार के जीवन में, स्टेज पर जीवंत अभिनय (Live Performance) के दौरान कई कड़वे-मीठे अनुभव एवं हास्यास्पद-गंभीर घटनाएँ घटती रहती है ।
 
करीब ४५ साल के, मेरे स्टेज-अनुभव के दौरान, स्टेज पर, मुझे भी, कई बार ऐसे ही कुछ कड़वे-मीठे रोचक अनुभव हुए हैं, जिन्हें आप सभी विद्वान दोस्तों के साथ, एक के बाद एक, बांटने के लिए, मैं आपकी रजामंदी चाहता हूँ । 

हालांकि, मेरे अनुभव कड़वे हो या मीठे, मैंने हमेशा इन्हें बड़ी ही खेल भावना के साथ, सकारात्मक ढंग से लिया है । 

मैं उम्मीद करता हूँ, यह  आलेख श्रेणी आपको अवश्य पसंद आएगी..!!
 
==========
 
अंतरात्मा की आवाज़ ।
 
दोस्तों, ये सन-१९७० का वाक़या है । 

एक बार, अहमदाबाद के टाउन हॉल में, मेरे एक परम मित्र के ज़ोर देने पर, मित्रता-मोह वश होकर, एक बिलकुल नये नाट्य लेखक-निर्माता-दिग्दर्शक-अभिनेता (Yes,All in one..!!) के नाटक में, संगीत (सेवा) देने का, मैंने फैंसला किया ।
 
ये, नये नाट्य लेखक-निर्माता-दिग्दर्शक-अभिनेता महाशय ने, इसी नाटक के कुछ शॉ, गाँव के देहाती इलाकों में, अनपढ़ मगर, सरल-भोले दिलवाले, कुछ गिने-चुने दर्शक के बीच आज़माकर, उनसे अच्छी प्रतिक्रिया मिलने पर, उत्साहित होकर, अहमदाबाद की किसी सामाजिक संस्था को मुफ़्त के भाव में पूरा शॉ बेच कर, पहली बार शहर के शिक्षित दर्शकों के सामने, इस नाटक को आज़माने का साहस किया था..!!
 
नाटक का शॉ पहली बार, किसी शहर में आज़माया जा रहा था अतः,स्वाभाविक ढंग से, नाटक के सभी कलाकार का उत्साह अपनी चरम सीमा पर था । रात्रि के ९.०० से १२.०० का शॉ था । हॉल में स्टेज का पर्दा गिरा हुआ था,इसीलिए नाटक के सभी कलाकार, बिना वजह बार-बार स्टेज पर जाकर,ज़रूरत से ज्यादा जोश दिखाते हुए, अपनी भूमिका (पात्र) के रटे हुए संवाद का अभ्यास करने में लगे हुए थे ।
 
नाटक के प्रमुख किरदार -अभिनेता तो, इतने उत्तेजित हो उठे थे कि, नाटक शुरू होने की आखिरी घंटी (Bell) बजने पर, पर्दा उठने के कुछ क्षण पहले, उन्होंने जब मुझ से हाथ मिलाया, तब मुझे लगा कि, उनका बदन बिना वजह बहुत कांप रहा था..!! इतना ही नहीं, पर्याप्त दर्शकगण उपस्थित हुआ कि नहीं, ये देखने के लिए, प्रमुख किरदार -अभिनेताश्री, अपने मेकअप के कारण, लाल टमाटर जैसे चेहरे के साथ, रात्रि के आठ बजे से ही, हॉल के बाहर, कई बार चहलक़दमी भी कर आये थे..!!
 
आखिर में, अपनी भारतीय परंपरा और समय के अनुसार, रात्रि के क़रीब पौने दश बजे, स्टेज पर से पर्दा उठ ही गया..!! मैंने  भी मेरे साथी वाद्यवृंद के साथ, स्टेज के एक कोने में स्थान ग्रहण किया ।
 
नाटक का कथा तत्व, सामाजिक दूषण, दहेज प्रथा विरोध पर आधारित था, इसीलिए नाटक के संवाद भी ज़ोरदार-शानदार थे । उपर से, नाटक में जगह-जगह पर, कॉमेडी का तड़का, ऐसी बख़ूबी, किया गया था कि, सारे दर्शक, लोट-पोट हँसने पर मजबूर  हो गये थे ।  हम सब वाद्य कलाकारों को भी, नाटक के हास्य,करुण,गंभीर जैसे विविध रस-भाव को संगीत में ढालने में बहुत आनंद आ रहा था..!!
 
नाटक द्विअंकी था और नाटक के प्रथम अंक की सफलता का अंक तब मालूम पड़ा जब, नाटक के द्वितीय अंक से पहले, मध्यांतर में (Interval) नाटक देखने आए, कुछ प्रतिष्ठित सामाजिक संस्था के सदस्य एवं प्रमुख द्वारा, नाटक के कुछ और शॉ का एडवांस बुकिंग हो गया..!!
 
बस,फिर तो क्या था?
 
हमारे `ऑल इन वन`हीरो के आनंद की कोई सीमा न रही और मानो वह हीरोसाहब अब तो आसमान में उड़ने लगे..!!
 
नाटक का दूसरा अंक शुरू हुआ और इसी के साथ, हम सब बाकी कलाकार की कठिनाई भी शुरू हो गई..!!
 
नाटक के दूसरे और अंतिम हिस्से में, कथा कुछ ऐसी थीं कि, ज्यादा दहेज़ पाने की लालच में, ससुरालवालों के द्वारा, बहु के साथ  किए गए मानसिक उत्पीड़न से त्रस्त होकर, थक-हार कर, बहु ने,आत्मघात करने का निष्फल प्रयास किया । अस्पताल के बिस्तर पर पडी और दर्द से कराहती बहु का मरणोपरांत निवेदन दर्ज करने के लिए, हमारे `ऑल इन वन हीरो` पुलिस इन्स्पेक्टर के किरदार में, अस्पताल पहुँचे ।
 
बहु ने, सास-ससुर और पति के विरूद्ध, दहेज़ प्रताड़ना करने का आरोप लगाते हुए, अपना बयान दर्ज करवाया । बहु का बयान दर्ज करने के पश्चात, अपने खास पुलिसिया कठोर अंदाज़ में, अपने हीरो ने जैसे ही, अपराधी सास-ससुर और पति की कड़ी पूछताछ प्रारंभ की, इसी के साथ हीरो इन्स्पेक्टर साहब के प्रत्येक ज़ोरदार संवाद पर, पूरा हॉल तालिओं की गड़गड़ाहट से गूँजने लगा..!!
 
ब..स, ब..स, ब..स..!! अब तो, नाटक में नाट्य तत्व की पराकाष्ठा आ गई थी..!!
 
हॉल में उपस्थित सारे दर्शकों ने,तालियों के गड़गड़ाहट से, हीरो का हौसला बढ़ाते हुए,अपने हीरो इन्स्पेक्टर को मानो हाथों हाथ उठा लिया था..!! अब मुझे तो डर लग रहा था कि, पहले से ही अत्यंत उत्साहित हीरो, कहीं कोई ग़लती करके, अब तक सफल रहे नाट्य शॉ का, कहीं गुड़गोबर न कर दें..!!
 
पर होनी को कौन टाल सकता है? बदकिस्मती से मेरी आशंका सत्य हो गई..!!
 
नाटक के विलन किरदार, अपराधी सास-ससुर-पति की पूछताछ को और सख़्त करके, दर्शकों की तालियाँ बटोरने के चक्कर में, हमारे हीरो इन्स्पेक्टर, अपने ही लिखे-रटे हुए सारे संवाद बार बार भूलने लगे..!! यह देखकर नेपथ्य में से अनुबोधक (prompter) ने अपना  दिमाग दौड़ाया और एक समर्पित कलाकार की भाँति, हीरो उर्फ़ निर्माता उर्फ़ दिग्दर्शक उर्फ़ इन्स्पेक्टर को असली स्क्रिप्ट में से, धीरे से फुसफुसाते हुए, असली संवाद याद कराने लगा..!!
 
पर हीरो तो, अपने आप को हमेशा हीरो ही समझता है ना?
 
अपने ये हीरो भाईसाहब भी, अनुबोधक के फुसफुसाते स्वर में उच्चारित  संवाद को नज़र अंदाज़ करके, अत्यंत उत्तेजित होकर, तत्काल अपने नये संवाद बना कर पेश करने लगे..!! स्टेज के पिछे, यहाँ समर्पित अनुबोधक कलाकार को, ये महसूस हुआ कि, उसके बिलकुल धीरे से फुसफुसाने के कारण, हीरो साहब को शायद नेपथ्य से संवाद सुनाई नहीं देते होंगे, अतः अनुबोधक ने फुसफुसाना बंद करके, ज़रा उँची आवाज़ में, हीरो को संवाद याद कराना शुरू किया..!!
 
बस, फिर क्या कहना?
 
अब तक, अपने नये संवाद बना कर पेश कर रहे हीरो को, अनुबोधक की आवाज़ ख़लल सी लगने लगी और दर्शकों की ज्यादा सेज्यादा तालियाँ बटोरने के चक्कर में, हीरो अब न तो नये संवाद बना पा रहा था, ना ही वह स्क्रिप्ट के असली संवाद याद कर पाता था?

थोड़ी देर के बाद, नाटक में हीरो तो हीरो, मगर विलन सास-ससुर-पति का किरदार निभा रहे कलाकार भी, ऐसी ग़हरी असमंजस में पड़ गये कि,  विलन के संवाद की जगह, ग़लती से, अनुबोधक द्वारा, हीरो के लिए बोले गए संवाद बोलने लगे..!! कुछ ही देर में,ये सब कलाकार, ये भी भूल गए कि, कौन से किरदार का, असली संवाद कौन सा था..!!

ऐसे में, नाटक के मालिक-निर्माता-दिग्दर्शक-हीरो का, साथी कलाकार पर बहुत गुस्सा होना स्वाभाविक था..!!

मानो इतनी सारी कमबख़्ती-सत्यानाशी कम पड़ रही हो, नाटक के क्लाइमेक्स में, नाटक में अव्यवस्था व्याप्त देखकर, अस्पताल में आत्मघात करके आखिरी सांस ले रही बहु, जो कि कमनसीबी से हीरो की पत्नी भी थी (?), वह अपना बिस्तर छोड़कर, बड़ी गंभीरता से, कुछ बेढ़ंगा सा मुंह बनाकर इशारे से, हीरो समेत, सभी कलाकार का मार्गदर्शन करने में जुट गई..!!
 
अभी तक, विलन सास-ससुर-पति के कठोर बर्ताव से त्रस्त होकर, आपघात करने, मरने पर उतारू हुई, बहु को अचानक सभी अपराधीओं को मदद करते देख, सारे दर्शक सीटियाँ बजाकर, ठहाके मारकर हँसने, मज़ाक करने और ज़ोर ज़ोर से चिल्लाने लगे..!!
 
इधर, हम, संगीत कलाकार की हालत भी खस्ता हो गई थी क्योंकि, हम सब वादक ये समझ नहीं पा रहे थे कि, कौन सा किरदार, क्या बोल रहा है और हमें किसके संवाद पर क्या बजाना चाहिए? थक हार कर, सारे वाद्य कलाकारों ने  वाद्य  बजाना ही छोड़ दिया..!!
 
यहाँ नाटक के हीरो के मन में, ये बैठ गया कि, सारे नाटक की बदनामी सिर्फ और सिर्फ अनुबोधक की बेवकूफी की वजह से हुई है? नाटक का मालिक-निर्माता-दिग्दर्शक-हीरो, स्टेज के पिछे बैठे अनुबोधक (प्रोम्प्टर) के पास भागता हुआ पहुँचा और क्रोध से तिल-मिला कर बोला,
 
" ये सब तेरे कारण हुआ है, तेरी ये असली स्क्रिप्ट को चूल्हे  में डाल दे..!! और हाँ, आइन्दा, तुम मुझे भीतर से, कभी प्रोम्प्ट मत करना, अब खुद अपने रचे गए संवाद से ही, मैं  अपना किरदार निभाऊंगा..!!  
 
नाटक की,ज्यादा फ़ज़ीहत न हो इसी वजह से, किसी समझदार कलाकार ने नाटक का पर्दा गिरा दिया?
 
मगर, क्या नाटक यहाँ समाप्त हो गया? शायद नहीं..!!
 
नाट्य गृह से वापस, घर पर लौटते समय, पूरे रास्ते, मैं सोच रहा था कि, नाटक का ऐसा बे-हाल क्यों हुआ? क्या अभिमानी हीरो ने, नाटक के नियमों का उल्लंघन किया था? क्या कला और स्टेज का भी अपमान हुआ था?
 

ज्यादा सोचने पर मुझे, सुप्रसिद्ध दिग्दर्शक श्रीऋषिकेश मुखर्जी की सुपरहिट फिल्म,` आनंद` का  वह मशहूर संवाद याद आ गया,

" बाबु मोशाय, हम सब तो रंगमंच की कठपुतलीयाँ हैं, जिनकी ड़ोर उपर वाले के हाथ में हैं..!!"
 
अगर हम सब, सकारात्मक सोचें तो, पता चलेगा कि..!!
 
१. ये सारा संसार एक रंगमंच है और हम सब नाटक के अलग-अलग किरदार है..!!
 
२. हमको एक निश्चित स्क्रिप्ट के तहत, ईश्वर के  तय किए गए संवाद ही बोलने का आदेश देकर, संसार के इस रंगमंच पर अपना किरदार ईमानदारी से निभाने के लिए, हमें भेजा गया है..!!
 
३. इतना ही नहीं, हम अगर कभी, ईश्वर के तय किए गए संवाद भूल कर, अभिमान से लिप्त होकर, अपने बनाये हुए बेतुके संवाद बोलने लगते हैं, तब हमारे भले के लिए, हमारे भीतर से, हमारी आत्मा की आवाज़, समर्पित अनुबोधक (प्रोम्प्टर) बनकर, असली संवाद हमें याद कराती है..!!

मगर, हम क्या करते हैं?

निजी स्वार्थ के कारण, हमारे आसपास इकट्ठा हुए ऑडियन्स की वाह-वाही और तालियों की गड़गड़ाहट सुनकर, हम अत्यंत  उत्तेजित हो जाते हैं..!! फिर ईश्वर के तय किए हुए संवाद को बोलना छोड़कर ,अपने ही बनाये ऊटपटाँग संवाद बोलते हुए, हीरो के किरदार में होते हुए, विलन के हाथों हम बुरी तरह पीट जाते हैं..!!
 
सच पूछो तो, हिन्दी फिल्म,`पड़ोसन` के महमूद की तरह हमें, अपने आपसे कहना चाहिए," या घोड़ा बोलो या चतुर बोलो?"
 
चलो,आज हमारी आत्मा की आवाज़ को, हम सब द्रढता के साथ, कह देते हैं," हम तुमको छोड़ेगा नहीं जी, हम स्क्रिप्ट से भटकेगा नहीं जी, हम स्क्रिप्ट बराबर पकड़ कर चलेगा जी..!!"
 
ये बात तो अनुभव सिद्ध है कि, अपनी तय स्क्रिप्ट अनुसार संवाद बोलने वाले और अपने किरदार को ईमानदारी से निभाने वाले बंदे को, भगवान  कभी बदनाम नहीं होने देते ।
 
वैसे बॉस, आप का शॉ सुपर हिट है कि, सुपर फ़्लॉप?
मेरा ब्लॉग-

मार्कण्ड दवेः- दिनांक-०२-०५-२०११.

16.4.11

भड़कीले सवाल-चटकीले जवाब-भाग-२.

भड़कीले सवाल-चटकीले जवाब-भाग-२.
(Courtesy Google Images)

मेरा ब्लॉग-
http://mktvfilms.blogspot.com/2011/04/blog-post_16.htmlप्यारे दोस्तों, पता नहीं क्यों? कुछ पति महाशय अपनी पत्नी की हमेशा बुराई करते नज़र आते हैं..!! उन्होंने  मुझे कुछ भड़कीले सवाल भी भेजे हैं? चलो, ये सारे सवाल का, सही उत्तर पाने का एक प्रयास हम करें,शायद किसी पति-पत्नी का काम बन जाएं..!!

भ.स.-" मेरे पति हमेशा मुझ पर गुस्सा होकर कहते हैं, मेरे अंदर छिपे जानवर को जगाने की कोशिश मत करना, व..र्ना...? ये सुन-सुनकर,मैं तंग आ गई, क्या करूँ?"
 
च.ज.-" कहीं से एक तिलचट्टा (Cockroach) पकड़कर उस जानवर पर फेंके, भीतर का जानवर ड़रपोक है या ख़ूँख़ार, अभी पता चल जाएगा..!!
 
भ.स.- "मेरी पत्नी जब बहुत ज्यादा खुश होती है तब, कुकिंग बुक से रॅसिपी पढ़कर, मुझे कोई भी नयी वानगी पका कर खिलाती रहती है, मगर मेरा तो पेट ही खराब हो जाता है..!! क्या करूँ?
 
च.ज." आपके घर की सभी कुकिंग बुक्स, कूरियर से अपनी सास को भेज दो..!! फिर भुगतेगा आपका ससुर,अपने कुकर्मों का फल..!!
 
भ.स.-" मेरे पति मुझे हमेशा कहा करते है, मेरे जीवन में तुम से बड़ी मुसीबत और कोई नहीं हो सकती? ऐसा सुनकर बहुत बुरा लगता है..!!"
 
च.ज." आज ही,किसी ज्वैलरी शॉप में जाइए और पति देव की औकात से ज्यादा ज्वैलरी खरीदें..!! अगर, पति देव आप पर, भड़क उठे तो कह देना, जितनी बड़ी मुसीबत, उतना ज्यादा नुकसान?"
 
भ.स."मेरी पत्नी सजधज कर रोज़ मुझ से, एक ही सवाल करती है,मैं कैसी दिख रहीं हूँ? रोज़-रोज़ झूठ बोलना मुझे पसंद नहीं है..!! क्या करूँ?"
 
च.ज.-"घर की सभी दीवारों पर शीशें लगवा लें,बाद में भाभीजी अपने आप को आईने में देखकर, खुद ही डर जाएगी क्योंकि, आईना कभी झूठ नहीं बोलता..!!"
 
भ.स. "एक नारी का कौन सा रूप, नर के लिए अच्छा होता है माँ का या पत्नी का?"
 
च.ज. " खुद ही समझ लो..!! एक नारी के (माँ) कारण हम, दुनिया में रोते हुए आते हैं और दूसरी  नारी (पत्नी) हम कहीं रोना बंद न कर दें, इस बात का हमेशा ध्यान रखती है..!!"
 
भ.स.-" मेरे पति मुझे, मेरी साँस तुम ही हो, कह कर बाद में, मेरी ग्रासनली भी तुम हो, कहते हैं..!! श्वास और ग्रासनली, कुछ ग़लत नहीं है? 
 
च.ज." वैरी स्मार्ट बॉय..!! कहीं ग़लती से भी आप श्वास- नली में फँस जाए तो, आप के पति देव तो, बे-मौत ही मर न जाए क्या?
 
भ.स.-"मैंने मेरे पति से, यूँ ही एक सवाल किया, आप को मुझ में कौन सी ख़ासियत अच्छी लगती है? उन्होंने पूछा, क्या मतलब?  जितने दिखते हैं,क्या वह उतने भोलेभाले होंगे?
 
च.ज.-" भाभीजी, आप जल्द से जल्द किसी ज्योतिषी या डॉक्टर को कन्सल्ट कीजिए..!! आप की ग्रह दशा (घरवाली)और आपके पति की `काम`-दिशा (बहारवाली) ग़लत मार्ग पर चल पड़ी लगती है..!!"
 
भ.स." मेरे पति को फिल्म देखने का शौक नहीं है, पर हम सभी घरवालों के लिए, हर पंद्रह दिन के बाद, फिल्म के टिकट ख़रीद लाते हैं..!! मेरे `वो`कितने अच्छे हैं, नहीं?
 
च.ज." भाभीजी, पूरा घर खाली होने के पश्चात, घर में किसी और फिल्म की शूटिंग तो नहीं होती हैं ना? आपने कभी जांच पड़ताल की है क्या?"
 
भ.स." मेरे पति को चौबीसों घंटे सिरदर्द की शिकायत रहती है..!! कई डॉक्टर्स से जांच करवाई, सभी ने कहा कुछ नहीं है..!! फिर सिर दर्द क्यों?"
 
च.ज." भाभीजी, आपको तो खुश होना चाहिए..!! उनके सिर में कुछ नहीं है, इसीलिए तो उन्होंने, आप से विवाह किया है? पते की बात, है या नहीं?
 
भ.स." अगर नवविवाहित दो जोड़े (कपल) कहीं पर मिल जाए तो, चारों नर-नारी का, परस्पर व्यवहार कैसा होना चाहिए?
 
च.ज." अब क्या जवाब दें? दोनों  नारी एक दूसरे के ज़ेवर और ड्रेस देखा करेंगी और दोनों नर एक दूसरे की पत्नी को..!!"
 
=============
 
" ENJOY, NO COMMENTS ."

मार्कण्ड दवे । दिनांकः-१६-०४-२०११.

29.12.10

"बाल मजदूरी कानून".. किसका अभिशाप? किसका वरदान?

"बाल-मजदूरी कानून".. किसका अभिशाप? किसका वरदान?

गजब के घटिया कानून है देश के:

एक समृद्ध परिवार का बच्चा जिसकी परवरिश बड़े अच्छे ढंग से हो रही है, अपने स्कूल और पढाई छोड़ कर टी.वी. सीरियल या फिल्म में काम करता है सिर्फ और सिर्फ अपनी और अपने परिवार की तथाकथित ख्याति के लिए तो यह "बाल-मजदूरी" नहीं होती। वेश्यावृति करने वाली मीडिया भी इसे प्रोत्साहित करती है।

वहीँ अगर कोई बच्चा अपने और अपने परिवार वालों का पेट पालने के लिए प्लेट धो लेता है तो यह "बाल-मजदूरी" हो जाती है और वहीँ यह दोगली मीडिया उस बात को उछाल-उछाल कर कान पका देती है।

.. हमारे यहाँ ऐसे लोगों की भी कमी बिल्कुल नहीं है  जो कहेंगे कि वे टी.वी. शो वाले प्रतिभा को प्रोत्साहित कर रहे हैं। ऐसे लोगों को मेरा एक ही जबाब है अगर आपके बच्चों का टी.वी. शो में नाचना गाना प्रतिभा हो सकती है तो हरेक शाम अपनी और अपने घरवालों की रोटी जुगारने की कोशिश में उन बच्चों की प्रतिभा कहीं से भी कम नहीं है, बल्कि ज्यादा ही है। और,  अगर आप उनके सामाजिक विकास और शैक्षणिक विकास की बात करें तो दोनों जगहों पर एक हीं बात सामने आती है कि वे सभी अनिवार्य शिक्षा से दूर हो रहे हैं। जुलाहे का बच्चा तो सुविधा नहीं मिलने के कारण शिक्षा में पिछड़ रहा है पर आपका बच्चा तो सुविधाओं के बावजूद उस धारा में बह रहा है जो शैक्षणिक विकास से बिलकुल अलग है। अगर ऐसा ही रहा तो आने वाली पीढ़ी एक "कबाड़ पीढ़ी" पैदा होगी।

यहाँ मै कानून को लाचार ही नहीं उन लोगों का नौकर भी समझूंगा जिनके पास पैसा है, शक्ति है, वर्चस्व है। यही लोग कानून को कुछ इस तरह से बनाते है कि जिनके पास ऐसी समृद्धि है वो इससे निकल सकते हैं और जिनके पास नहीं है वो पिसे जाते हैं इन कानूनी दैत्य-दन्तों द्वारा।

अगर कोई होटल-ढाबे वाला किसी को जीविका देने के लिए "बाल-मजदूरी" करवाने का दोषी हो सकता है तो आज हम सारे लोग जो बड़े मजे से टी.वी. के सामने ठहाके मारते हैं, वाह-वाह करते है, मेरी नज़र में वो सब दोषी हैं "बाल-मजदूरी" करवाने के।
... कानून माने या न माने।
... आप माने या न मानें।
... और मुझे यह भी मालूम है कि अकेले सिर्फ मेरे मानने से भी कुछ नहीं होने को है।

और अंत में इतना हीं कहूँगा कि यदि आपमें अब भी समाज के प्रति थोड़ी नैतिक जिम्मेदारी बची हो तो इसपर विचारें और ऐसे टी.वी. सीरियलों, फिल्मों का "प्रतिकार" करें, सामाजिक बहिष्कार करें, उनका सहभागी न बनें, किन्नरों जैसे तालियाँ न पीटें।

चलता हूँ और आपके लिए कुछ लिंक छोड़ जाता हूँ। धन्यवाद!

20.8.08

तोरी मरजी है क्या बता दे बिधना रे...

मशहूर पत्रकार, ब्लागर और अब फिल्म निर्देशक पंकज शुक्ल इन दिनों अपनी फिल्म भोले शंकर के निर्माण के बारे में अपना पूरा अनुभव अपने एक नए ब्लाग क़ासिद पर लिख रहे हैं। उन्होंने एक मेल के जरिए अनुरोध किया....बतौर निर्देशक अपनी पहली फिल्म भोले शंकर की मेकिंग इन दिनों मैं अपने ब्लॉग पर लिख रहा हूं, कृपया सुझावों और टिप्पणियों से अवगत कराएं। तो मैंने सोचा कि मैं अकेले क्यों सुझाव और टिप्पणियां दूं, क्यों न सारे भड़ासियों को इस शुभ काम में शामिल किया जाए। इसी उद्देश्य से पंकज के ब्लाग क़ासिद से साभार एक पोस्ट यहां डाल रहा हूं और आप सभी से उम्मीद करता हूं कि पंकज भाई के ब्लाग क़ासिद पर जाकर उनके अनुभवों से दो चार हों।
यहां यह बता दें कि पंकज भाई अपने जैसे ही सामान्य परिवार और ठेठ हिंदी पृष्ठभूमि के साथी हैं। आज वो जहां पर हैं, उसमें किसी गाडफादर का कोई हाथ नहीं है। वे सिर्फ अपनी प्रतिभा और अपने दम पर आगे बढ़ते चले गए। उनसे हम सभी को प्रेरणा मिलती है।
बरेली में अमर उजाला से करियर की शुरुआत की और पत्रकारिता में अपने मेहनत के बल पर धीरे-धीरे बढ़ते चले गए। वे अमर उजाला, कानपुर में भी रहे। इसके बाद दिल्ली आए। प्रिंट से इलेक्ट्रानिक मीडिया की ओर मुखातिब हो गए उसके बाद मीडिया की दुनिया को छोड़कर मायानगरी की ट्रेन पकड़ ली। वहां फिल्म बनाने का जो सपना देखा था, उसे उन्होंने अपनी प्रतिभा, अपने संघर्ष और एक जूनून के जरिए पूरा कर दिखाया। भोले शंकर फिल्म की रिलीज का इंतजार हम सभी भड़ासियों को है। इस फिल्म के पांच सौ टिकट तो हम भड़ासी खरीदेंगे ही।
पंकज भाई से बस एक अनुरोध है कि अगर अगली फिल्म कोई प्लान कर रहें हों तो उसमें मुझे और डा. रूपेश श्रीवास्तव को विलेन और उसके गैंग का रोल जरूर दे दें वरना....जानी, हम भड़ासी बड़े खूंखार और बदनाम लोग हैं। हम पत्थर से तेल और तेल से पत्थर निकालना जानते हैं.....:)
-यशवंत
---------------------------------------------------------------------------
भोले शंकर (7)
गतांक से आगे..



मनोज तिवारी ने "भोले शंकर" में कुछ और भी बहुत उम्दा गीत गाए हैं। लेकिन, मनोज तिवारी और मोनालिसा पर फिल्माया गया रोमांटिक गीत - "केहू सपना में अचके जगा के" प्यार में खोए प्रेमियों के लिए सावन की फुहारें लेकर आएगा। और, इस गीत में मनोज तिवारी के लिए अपनी आवाज़ दी है मशहूर गायक उदित नारायण ने। अगर फिल्म में मेरे फेवरिट गाने की बात करें तो मुझे पसंद है फिल्म का वो विरह गाना जो पूनम ने गाया है।

सारेगामापा फाइनलिस्ट रहीं पूनम की निज़ी ज़िंदगी के बारे में सुनकर मैंने अपनी पत्नी को कई बार घर में रोते देखा है। पूनम को प्लेबैक सिंगिंग के लिए कई लोगों ने वादे किए, लेकिन कितने पूरे हुए, इस बारे में ना तो कभी ज़ी टीवी ने कुछ भी बताने की कोशिश की और ना ही कभी मीडिया में कहीं कोई चर्चा सुनाई दी। पूनम का आवाज़ में दर्द बहुत है, कुछ तो जीवन के संघर्ष का और कुछ उसकी आवाज़ पर ऋचा शर्मा का असर का। "भोले शंकर" के संगीत पर चर्चा के दौरान ही मैंने पूनम का नाम उस गाने के लिए संगीतकार धनंजय मिश्रा को सुझाया, जो फिल्म का टर्निंग प्वाइंट है। भोले की बचपन की दोस्त पारवती की पूरी जवानी की कहानी इस गाने में दूसरे सिरे पर पहुंच जाती है। पूनम की गायिकी के बारे में बात करने से पहले कुछ बातें इस गीत को लिखने के बारे में भी बताता चलूं।

गीतकार बिपिन बहार ने जितनी मेहनत फिल्म के ओपनिंग सॉन्ग "रे बौराई चंचल किरनिया" के लिए की है, उससे कम मेहनत इस गाने के लिए भी नहीं हुई। मैंने बिपिन को समझाना शुरू किया। धनंजय मेरा मुंह ताक रहे हैं। मैंने बिपिन को बताया, "पारवती ने बस अभी अभी भोले को बरसों बाद देखा है। भोले बचपन में शहर जाते समय लड़कई में उससे बोले जाता है, "ए पारवती, जब हम पढ़ लिख लेम, त तोहरा से बियाह करब"। बस पारवती उसी दिन से भोले की याद में गुम है। भोले लौटता है, तो पारवती के घर पर उसकी शादी कहीं और किए जाने की बात चल रही है। दोनों संस्कारी घरों से हैं और जैसा कि अक्सर गांवों में होता है, दोनों में से कोई घरवालों का विरोध नहीं कर पाते। पारवती की शादी तय हो चुकी है। वो रात के अंधेरे में भगवान से अपने दिल का दर्द सुना रही है। गाने का ये पहला हिस्सा है। दूसरे हिस्से में आते आते हमें पारवती की शादी होते हुए दिखानी है। और तीसरे हिस्से में हमें पारवती की विदाई दिखानी है। शॉट कुछ यूं होगा कि कैमरा गांव से बाहर निकलती डोली को कैच करता है, उसे फॉलो करते हुए आगे बढ़ता है और जैसे ही डोली फ्रेम से आउट होती है, कैमरा पैन करते हुए दूर एक टीले पर खड़े भोले को कैच करता है। भोले वहां पारवती को दिलासा देने वाला गाना गा रहा है।

"बिपिन बहार पूरा नरेशन सुनने के बाद आधा घंटा तक कुछ बोले नहीं। फिर बोले, "भइया, इ कइसन होई।" मैंने कहा, "काहे ना होई।" मैंने पूरे गाने का स्टोरी बोर्ड बिपिन को फिर से समझाया। इस बार एक एक एक्शन और उसके भाव के साथ में। अब तक शांत बैठे रहे धनंजय मिश्रा के चेहरे के भाव इस बार बदलने लगे। उनके हाथों में जुंबिश हुई और मुंह से कुछ राग निकले, और साथ ही निकला गाने का पहला बोल- "तोरी मरजी है क्या, बता दे बिधना रे...., काहे मोरा पिया ना मिला...ना मिला रे...काहे मोरा पिया ना मिला।" बस इसके बाद तो जैसे बिपिन बहार को राह मिल गई। भाई ने तीन दिन में गाना लिख डाला। लेकिन आखिरी हिस्से पर आकर वो अब भी अटके हुए थे। बोले, "भइया इ बताइं, भोले को पारवती से प्यार था कि नहीं।" मैंने कहा, "जिस उमर में हमने भोले और पारवती को साथ खेलते दिखाया। उस उमर में बच्चे प्यार का मतलब समझते हैं क्या? गांव की लड़की है, बस किसी सयाने पर दिल हार बैठी। लेकिन भोले को इसका इल्म तक नहीं। हां, मां कुछ इशारा करती है तो बात उसकी समझ में आती है। लेकिन तब तक देर हो चुकी है। तो भोले क्या गाएगा?" बिपिन बहार फिर चुप, "भोले क्या गाएगा?"दो दिन तक माथा पच्ची चलती रही। और फिर निकले बोल- "किस्मत ना बा अपना हाथ में, खुश रहे तू सजनवा के साथ में।"

मनोज तिवारी वैसे तो उछल कूद वाले गाने ही खूब गाते हैं, लेकिन फिल्म में मैंने उनसे दो जगह दर्द भरे नगमे गवाए हैं। पहला तो ये और दूसरा जब वो मुंबई में होते हैं और ज़िंदगी के सबसे बड़े इम्तिहान से दो चार होते हैं। और मेरा वादा है कि मनोज तिवारी की आवाज़ का इतना बेहतरीन इस्तेमाल अभी तक उनकी किसी फिल्म में नहीं हुआ है। जिस गाने की ऊपर हम बात कर रहे हैं, उसकी शुरुआत पूनम के गाने से होती है। लखनऊ की इस लड़की को अपनी फिल्म में मौका देकर एक तरह से मैंने और धनंजय ने उत्तर प्रदेश के कलाकारों को बढ़ावा देने की अपनी अघोषित नीति को आगे बढ़ाया और पूनम ने भी अपना दिल उड़ेल कर रखा दिया है इस गाने में। गाने के बोल बहुत मार्मिक हैं और इतना ही मार्मिक है इसका पिक्चराइजेशन। पूनम तुम यूं ही जगमगाती रहो।

वैसे एक दिलचस्प बात भी आपको मैं बताना चाहता हूं। जैसा कि गांव- गलियों की लड़कियों के साथ अक्सर होता है, वैसे ही पूनम भी अब तक मुंबई की चकाचौंध देखकर घबरा जाती हैं। स्टूडियो में रिकॉर्डिंग की बात चलते ही नर्वस हो जाती हैं। ऐसे में संगीतकार के हाथ पांव फूलने ही लगते हैं। मैंने दोनों को हिम्मत बंधाई और तब जाकर ये गाना रिकॉर्ड हुआ। मौली और उज्जयनी की बात अब भी रह गई, खैर इन दोनों नगीनों की बात कल पक्की रही।

कहा सुना माफ़,

पंकज शुक्ल
निर्देशक-भोले शंकर

(साभार-पंकज शुक्ल के ब्लाग क़ासिद से)

20.5.08

क्या आप भी फिल्में देखकर रोने लगते हैं? संदर्भ-भूतनाथ

मैं तो रोने लगता हूं। अभी कल की ही तो बात है। बच्चों के साथ गया था भूतनाथ देखने। तीन बार आंखें भर आईं। यह स्थिति तब बनी जब मैं तय करके आया था कि किसी हालत में नहीं रोना है। पिछले बार का अनुभव ठीक नहीं था, इसी से खुद से न रोने का वादा करके और दिल कड़ा करके गया था।


पिछली बार तारे जमीन पर देखने के दौरान कई दफे रोया थ। पत्नी, बच्ची और मैं तीनों रोये थे।


बस, बेटा नहीं रोया। उससे पूछा कि तुझे रूलाई नहीं आई तो बोला कि ये फिल्म सीरियल तो नाटक होते हैं, इन्हें देखकर क्या रोना। उसने उल्टे मुझ पर सवाल खड़ा कर दिया, तुम तो बहुत बहादुर बनते हो, मर्द बनते हो, तो फिर औरतों की तरह रोये क्यों? मैं निरुत्तर था। लगा, चोरी पकड़ी गई। इसी के चलते इस बार दिल कड़ा करके गया था भूतनाथ देखने।


पर उलटी पड़ गईं सब तदबीरें...आंखें भर ही आईं, कुछ बूंद लुढ़क ही गए। सिम्मी दीदी लगातार रुमाल अपने चेहरे पर घुमाए जा रही थीं, मणिमाला मैडम का भी हाथ उनके चेहरे के इर्द गिर्द ही घूमता रहा। पर आयुष दादा तो वाकई दादा निकले। चेहरे पर बिना भाव लाए, पेप्सी गटकते हुए फिल्म देखते रहे।

हे भाई फिल्म वालों, इतनी अच्छी फिल्में भी न बनाओ जिससे देखने जाने के दौरान रास्ते में रुककर कई दर्जन रुमाल खरीदना पड़े। अच्छी फूल्म है भूतनाथ। आप भी जरूर देखें और खासकर बच्चों को भी दिखाएं।


मैं यहां साफ कर दूं कि रुलाई भूत के डर से नहीं बल्कि मानवीय संवेदनाओं के रीयलिस्टिक नरेशन की वजह से आई। वरना क्या पता भाई लोग कहेंगे कि साला फट्टू फिल्म के भूत से डर गया:)


जय भड़ास
यशवंत