Bhadas ब्लाग में पुराना कहा-सुना-लिखा कुछ खोजें.......................

8.7.20

विकास का शार्प शूटर अमर दुबे मुठभेड़ में ढेर

अजय कुमार, लखनऊ

लखनऊ। कानपुर में दबिश के दौरान आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के आरोपियों को कुत्ते की तरह सूंघ रही पुलिस को उस समय गहरा झटका लगा जब फरीदाबाद के एक होटल में ठहरा आठ पुलिस कर्मिंयों की हत्या का मुख्य आरोपी विकास दुबे उसके हाथ से निकल गया। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम होटल पहुंची तो जरूर लेकिन विकास इससे पहले ही पैदल चलता हुआ वहां से जा चुका था।

लेकिन इस घटना के चंद घंटों के भीतर यूपी पुलिस के हाथ एक बड़ी कामयाबी लग गई। उसने विकास दुबे के सहयोगी और आठ पुलिस वालों को मौत के घाट उतारने वाली वारदात में शामिल अमर दुबे को हमीरपुर में मुठभेड़ में मार गिराया।

बुधवार तड़के हुई मुठभेड़ में पुलिस ने छिपकर भाग रहे अमर को समर्पण के लिए कहा तो उसने फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में वह हमीरपुर के मौदहा क्षेत्र में मार गिराया गया।

लखनऊ पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार हमीरपुर के मौदाहा में पुलिस और एसटीएफ की टीम के हाथों मौत की नींद सो चुका अमर दुबे के बारे में पुलिस का कहना है विकास दुबे के गुर्गों में अमर दुबे सबसे करीबी था। इस हत्याकांड के वांछित अभियुक्तों के वायरल पोस्टर में अमर दुबे का नाम पहले नंबर पर था।

अमर रिश्ते में विकास का भतीजा लगता था। पुलिस के मुताबिक अमर दुबे पर चैबेपुर थाने में 5 मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा भी इस पर कई मुकदमे दर्ज होने की बात कही जा रही है। अमर दुबे को विकास का शातिर शार्प शूटर बताया जाता है। अमर घटना वाले दिन ही पुलिस मुठभेड़ में मारे गए अतुल दुबे का सगा भतीजा है।

दो दिन पहले ही पुलिस ने अमर दुबे की मां क्षमा दुबे को हमलावरों को भगाने के आरोप में जेल भेजा था। अमर पर पुलिस ने 25 हजार का इनाम घोषित किया था।

बताया जा रहा है कि 2 जुलाई की रात को जब विकास दुबे के घर पर पुलिस दबिश देने गई थी तो अमर दुबे भी वहां मौजूद था। घटना के बाद अमर भी विकास के साथ ही भाग निकला था।

No comments: